
मंदसौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मंदसौर जिले (Mandsaur district) के शामगढ़ थाना क्षेत्र के मकड़ावन गांव में पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज एक युवक मोबाइल टावर (Mobile tower) पर चढ़ गया। करीब दो घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा और उसकी शिकायत के समाधान का आश्वासन दिया।
मंदसौर जिले के शामगढ़ में गुरुवार को एक दलित युवक शिवलाल मेघवाल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने पुलिस पर अपनी शिकायतों पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया। युवक करीब दो घंटे तक टावर पर रहा, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
मकड़ावन निवासी शिवलाल मेघवाल का आरोप है कि उसके घर के पास किशोर और किशनलाल प्रजापति ने जमीन खरीदी है। इसके बाद से उसके घर को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। शिवलाल के अनुसार, शामगढ़ थाने में शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर पूर्व में शिवलाल के भाई गोविंद ने जहर पी लिया था। उसके इलाज में परिवार के 4 से 5 लाख रुपये खर्च हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रिंस सूर्यवंशी मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद युवक को सकुशल नीचे उतारा गया।
आजाद समाज पार्टी के नेता प्रिंस सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि जिले में दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और पुलिस को ऐसे मामलों में तुरंत निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र ने बताया कि थाने में इस संबंध में कोई आवेदन नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यह मामला ग्राम पंचायत मकड़ावन से जुड़ा है, जहां सरपंच द्वारा गांव में नाला बनाया जा रहा था। सरपंच संजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि नाले के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था, जिसे शामगढ़ थाने में बिठाकर राजीनामा करवा दिया गया है। भविष्य में कोई विवाद नहीं होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved