
इन्दौर। जून में शहर को तरसाने वाले बादल जुलाई में मेहरबान नजर आ रहे हैं। परसों ढाई इंच बारिश के बाद कल भी डेढ़ इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इसके साथ जुलाई के पहले दो दिनों में ही 4.2 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि जून के 30 दिनों में इंदौर में सिर्फ 4.4 इंच बारिश हुई थी। मौसम की मेहरबानी के कारण दो ही दिनों में इंदौर में जुलाई की औसत 12 इंच बारिश का एक तिहाई कोटा पूरा हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि आज भी तेज बारिश देखने को मिलेगी।
कल शाम से इंदौर में छाए बादलों ने अपना डेरा सुबह भी जमा रखा है। सुबह से रुक-रुककर हलकी फुहारें बरस रही हैं। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल सुबह से आज सुबह 8.30 बजे के बीच 1.6 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून से शुरू हुए मानसून सीजन के तहत इंदौर के खाते में 1.6 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है।
यह सामान्य की अपेक्षा 2 इंच ज्यादा है। वहीं शहर के पूर्वी और मध्य क्षेत्र में कल सवा इंच बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही पश्चिमी शहर में बारिश का कुल आंकड़ा 8.6 इंच, मध्य में 8 इंच और पूर्व में 8 इंच हो चुका है। कल शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश देखने को मिली।
बूंदों के साथ पारा भी गिरा
परसों शाम से बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते दिन के तापमान में भारी कमी आई। विमानतल मौसम केंद्र के अनुसार कल दिन का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 5.3 डिग्री कम था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 22 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved