
इंदौर। इंदौर पुलिस ने कांग्रेस के मध्य प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, नाना की गिरफ्तारी ड्रग सप्लाई से जुड़े केस में की गई है। एक ड्रग सप्लायर ने पुलिस के सामने नाना का नाम लिया है। नाना को गुरुवार दोपहर गिरफ्तार करने के बाद राजेंद्रनगर पुलिस अज्ञात स्थान पर ले गई है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने अपने कानूनी सलाहकारों से चर्चा की है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि जीतू पटवारी ने हाल ही में प्रदेश में पसरे भ्रष्टाचार और उज्जैन जमीन खरीद मामले को लेकर आंदोलन छेड़ने की घोषणा की थी। सरकार ने इसी का दबाव बनाने के लिए उनके भाई के खिलाफ कार्रवाई कराई है।
नाना पटवारी के खिलाफ 10 केस दर्ज
नाना के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्हें 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान भी गिरफ्तार किया गया था। उन पर करीब सात साल पुराने हत्या के प्रयास के मामले में फरार रहने का आरोप था।
साल 2025 में इंदौर के तेजाजी नगर थाने में नाना और उनके दो सहयोगियों के खिलाफ FIR कराई गई थी। शिकायतकर्ता नरेंद्र मेहता ने आरोप लगाया था कि उनकी जमीन पर धोखे से कब्जा करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved