
इन्दौर। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब मरीजों को मुफ्त उपचार देने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन एमजीएम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में डायलिसिस कराने वाले गंभीर मरीजों को उपचार के लिए जरूरी उपकरण और सामग्री तक नसीब नहीं हो रही है। अस्पताल में डायलाइजर, ब्लड ट्यूबिंग, फार्मेसी की किट और ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाली जरूरी सामग्री की कमी बताई गई है। हालात यह हैं कि मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी सामान बाहर से जुटाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इस संबंध में मरीजों के परिजनों ने कलेक्टर को आवेदन देकर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। आवेदन में बताया गया है कि ब्लड ट्यूबिंग छह महीने से अधिक समय से उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा डायलाइजर, फार्मेसी किट, ऑपरेशन का सामान, पाइप, एबी, पीसीएम स्टेशन और ट्रांसफार्मर जैसी जरूरी व्यवस्थाओं में भी कमी बताई गई है।आवेदनकर्ता प्रवीण राजपूत ने बताया कि उनकी माता सीताबाई पिछले दो वर्षों से एमजीएम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नियमित डायलिसिस करा रही हैं। सप्ताह में दो बार डायलिसिस कराना जरूरी है, लेकिन आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं होने से परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह सुरेश कश्यप ने भी अपने परिजन निर्मल कुमार कश्यप के उपचार में आ रही समस्याओं को लेकर शिकायत की है।
परिजनों का कहना है कि डायलिसिस जीवनरक्षक और नियमित उपचार प्रक्रिया है। इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की कमी मरीजों के उपचार को प्रभावित कर रही है।आयुष्मान योजना के तहत पात्र मरीजों को उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए, लेकिन अस्पताल में जरूरी सामान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ रहा है। परिजनों ने कलेक्टर से मामले की जांच कराकर अस्पताल में डायलिसिस और अन्य उपचार के लिए जरूरी उपकरणों व सामग्री की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत उपकरण नहीं मिलते हैं तो कार्रवाई की जा रही है लेकिन सरकारी अस्पताल में ही अव्यवस्थाओं का अंबार है। कमजोर वर्ग के लोग इसी अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे हैं लेकिन 15- 15 दिन तक मरीजों को वेटिंग में रखा जा रहा है समान नहीं होने के कारण स्टंट डालने और हार्ट के मरीजों को भी खाली हाथ लौटाया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved