
नई दिल्ली। कनाडा (Canada) के टोरंटो शहर (Toronto City) में आयोजित प्रसिद्ध स्ट्रीट फेस्टिवल (Street Festival) के दौरान शनिवार शाम अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग (Firing) से अफरा-तफरी मच गई। मिडटाउन टोरंटो में चल रहे वार्षिक लैटिन सांस्कृतिक उत्सव ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ के दौरान हुई इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
टोरंटो पुलिस सर्विस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 8 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंगटन एवेन्यू के समीप हुई। फायरिंग शुरू होते ही उत्सव स्थल पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल पर पांच लोग गोली लगने से घायल मिले, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाके में ‘एक्टिव शूटर’ अलर्ट जारी
प्रारंभिक जांच के आधार पर टोरंटो पुलिस ने इस घटना को ‘एक्टिव शूटर’ मामला घोषित किया है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और संदिग्ध हमलावर की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित क्षेत्र से दूर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
हमले की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
फिलहाल पुलिस ने गोलीबारी के पीछे की वजह या हमलावर के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी की भी पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved