
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में सोमवार को लोकसभा में नीट पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दों पर विपक्षी सांसदों ने जमकर हंगामा किया. विपक्षी सांसद स्पीकर ओम बिरला के आसन तक पहुंच गए. इस दौरान नारेबाजी भी की गई. इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि नारेबाजी से सदन की मर्यादा नहीं बढ़ती.
बिरला ने कहा कि सदन के अंदर सार्थक चर्चा होनी चाहिए. बता दें कि विपक्षी सांसद राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक पर चर्चा की मांग कर रहे थे. ओम बिरला ने कहा कि सभी को उचित नियमों के तहत मौका मिलेगा. सदन की मर्यादा बनाए रखें. नारेबाजी, तख्तियां लहराना उचित नहीं. विपक्षी सांसद स्पीकर आसन के पास जाकर नारेबाजी कर रहे थे. हंगामा सदन की कार्यवाही शुरू होते ही होने लगा.
वहीं, राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जंतर मंतर पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि ये स्टूडेंट्स के भविष्य का मामला है. हजारों बच्चे वहां पर आए हैं, वहां लाठीचार्ज हो गया है. सरकार छात्रों को मारने कोशिश कर रही है. सरकार उसे दबाने और कुचलने की कोशिश कर रही है. उनके इस बयान के बाद सदन में हंगामा होने लगा. सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.
खरगे ने पहले ही कह दिया था कि मानसून सत्र में काग्रेस पार्टी किन मुद्दों को उठाएगी. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी और साझा विपक्ष जनता की आवाज़ बनकर मोदी सरकार से हर सवाल का जवाब मांगेगी. राम मंदिर में चंदा चोरी हो या फिर पेपर लीक… हर मुद्दे पर हम सरकार से सवाल करेंगे. 2014 से अब तक 152 पेपर लीक हुए हैं, 25 बच्चों ने जान दी है. धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करना पड़ेगा.
13 अगस्त चक चलेगा संसद का मानसून सत्र
संसद के मानसून सत्र में सरकार कई अहम बिल पेश करने वाली है. परिसीमन से संबंधित बिल भी सरकार इस सेशन के दौरान ला सकती है. संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त चक चलेगा. इस दौरान कई बिल पेश किए जाने हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved