
चंडीगढ़ । दिल्ली में आंदोलनरत युवाओं के समर्थन में (In support of agitating youth in Delhi) चंडीगढ़ जिला अदालत के वकील (Lawyers of Chandigadh District Court) धरना देंगे (Will stage Sit-in Protest) ।
जिला अदालत के बड़ी संख्या में वकीलों ने दिल्ली में आंदोलन कर रहे युवाओं के समर्थन में शांतिपूर्ण धरना देने का निर्णय लिया । यह फैसला आंदोलन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा कथित हमले के विरोध में लिया गया है । आंदोलनरत युवा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और संबंधित संस्थानों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं । वकीलों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग की खबरों पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि लोकतांत्रिक विरोध का सम्मान और संरक्षण किया जाना चाहिए । वकीलों ने यह भी निर्णय लिया है कि जब तक आंदोलनरत युवाओं की जायज मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा ।
चंडीगढ़ जिला अदालत के वकीलों ने मांग की है कि आंदोलन कर रहे युवाओं के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर को तुरंत रद्द किया जाए । गिरफ्तार किए गए सभी प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा किया जाए । पुलिस कार्रवाई के दौरान घायल हुए सभी लोगों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाए । पुलिसकर्मियों तथा सिविल ड्रेस में युवाओं की पिटाई करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए । आंदोलनरत युवाओं के प्रतिनिधियों के साथ तुरंत सार्थक संवाद शुरू किया जाए ताकि मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके ।
वकीलों ने कानून के शासन, संवैधानिक मूल्यों और नागरिकों के शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के मौलिक अधिकार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई । उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि वह टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाए और मामले का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करे ।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved