
शाजापुर। शाजापुर नगर पालिका क्षेत्र (Shajapur Municipal Area) के वार्ड क्रमांक 25 की द्वारकापुरी कॉलोनी में बिजली व्यवस्था और अवैध कॉलोनियों को लेकर भाजपा विधायक अरुण भीमावद ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। शुक्रवार को विधायक कॉलोनीवासियों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे थे। विधायक ने सड़क किनारे लगे बिजली मीटरों और पूरे क्षेत्र में फैले लटकते केबल के जाल को देखा।
उन्होंने विद्युत मंडल, नगर पालिका और संबंधित विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। स्थानीय निवासियों ने विधायक को बताया कि कॉलोनी में कई वर्षों से अस्थायी बिजली कनेक्शन हैं। कई जगहों पर बड़ी संख्या में बिजली मीटर एक ही स्थान पर लगे हैं, जिससे अव्यवस्था बढ़ गई है। सड़क किनारे लगे मीटरों से निकलने वाले केबल पूरे क्षेत्र में बेतरतीब फैले हुए हैं।
‘मेरे सामने आकर फालतू बातें कर रहे हो’
रहवासियों ने यह भी बताया कि हाल ही में तेज आंधी के दौरान बिजली के तार और केबल नीचे गिर गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। निरीक्षण के दौरान विधायक अरुण भीमावद ने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा, अवैध कॉलोनी कटी तुम्हारे क्षेत्र में, तुमने आज तक किसी को नोटिस दिया? किसी को बुलाया नहीं और मेरे सामने आकर फालतू बातें कर रहे हो। सब बंद कराओ, यह जितना भी अवैध काम है।
विधायक ने एसडीएम से पूछा कितने नोटिस दिए?
विधायक ने एसडीएम से कहा कि मैडम, आप भी थोड़ा देख लीजिएगा, नहीं तो कलेक्टर मैडम को घुमा दीजिएगा, सूज पड़ जाएगी सबको। फिर यह मत कहना मेरा नहीं, मेरा नहीं है। सीएमओ भूपेंद्र कुमार दीक्षित ने कहा कि उनकी जरूरत नहीं है, तो विधायक ने कहा, क्या जरूरत नहीं है। 10 साल हो गए हैं।
इसके बाद सीएमओ द्वारा कॉलोनाइजरों को बैठाकर चर्चा करने की बात कहे जाने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा, तुम्हारे क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटी, तुमने कितने नोटिस दिए? किसी को बुलाया नहीं। विधायक अरुण भीमावद ने अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए कहा, अगले एक साल में अपने को पूरे सबको मिलकर यह काम निपटाना है। अगले साल इस तारीख को आएंगे तो यहां काम हो जाना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved