img-fluid

बुरहानपुर में ग्राहक बनकर 3 महिलाओं ने की 45 लाख की चोरी, साड़ी में छिपाया जेवरों का बॉक्स, घटना CCTV में कैद

October 29, 2026

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के बुरहानपुर (Burhanpur) में सराफा दुकान (Jewelry shop) पर ग्राहक बनकर पहुंचीं तीन महिलाओं (Women) ने तौर पर करीब 45 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए। महिलाओं ने गहने देखने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर जेवरों से भरा एक बॉक्स साड़ी में छिपा लिया। इसके बाद तीनों दुकान से बाहर निकल गईं। वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गहने दिखाने के दौरान बॉक्स साड़ी में छिपाया
मामला बुरहानपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में फव्वारा चौक स्थित सराफा दुकान का है। सोमवार शाम करीब 6 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं। दुकानदार ने उन्हें सोने के गहने दिखाने शुरू किए। इसी दौरान महिलाओं ने उसका ध्यान दूसरी ओर लगाया।

आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर एक महिला ने जेवरों से भरा बॉक्स अपनी साड़ी में छिपा लिया। इसके बाद तीनों कुछ देर तक दुकान में रहीं और फिर वहां से निकल गईं। शुरुआत में दुकानदार को बॉक्स गायब होने का पता नहीं चला।

करीब 15 मिनट बाद सामान कम होने का शक हुआ तो दुकानदार ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में महिलाओं की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।


  • दुकान के बाहर बाइक पर इंतजार कर रहे थे साथी?
    वारदात के बाद महिलाओं के साथियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। बताया गया है कि सड़क किनारे हेलमेट पहने एक व्यक्ति बाइक लेकर खड़ा था। तीनों महिलाओं में से एक उसके साथ बाइक पर बैठकर निकल गई, जबकि बाकी दो महिलाएं आगे बढ़ीं और फिर एक अन्य बाइक पर सवार होकर वहां से चली गईं।

    इस घटनाक्रम के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि चोरी की वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, घटना में कुल कितने लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

    CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
    बुरहानपुर के सिटी एसपी विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के फव्वारा चौक स्थित अनिल अग्रवाल की लक्ष्मण किशोर जुगलकिशोर सराफा दुकान में हुई है। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है।

    पुलिस को मामले से जुड़े कुछ CCTV फुटेज मिले हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने की बात कही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस महिलाओं की पहचान करने, चोरी गए जेवरों की बरामदगी और वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved