
70 फीसदी अंक की अनिवार्यता का असर…इंदौर के 14 मेधावी छात्र स्कूटी योजना से बाहर
इंदौर, कमलेश्वरसिंह सिसोदिया ।
मध्यप्रदेश सरकार (Government of Madhya Pradesh) की मेधावी विद्यार्थी (Meritorious student) स्कूटी योजना (Scooty Scheme) के नियमों में इस बार के बदलाव का असर इंदौर (Indore) में भी दिखाई दिया है। 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल टॉपर को न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता लागू होने से जिले के 14 मेधावी विद्यार्थी स्कूटी योजना के दायरे से बाहर हो गए हैं। प्रारंभिक सूची में शामिल 160 विद्यार्थियों में से पात्रता जांच के बाद अब 146 विद्यार्थियों को ही स्कूटी का लाभ मिलेगा, जबकि पहले स्कूल के टॉपर विद्यार्थी को स्कूटी दी जा रही थी। अब इस नियम में बदलाव हो चुका है।
जिला शिक्षा विभाग के अनुसार शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप अंतिम पात्रता सूची तैयार की गई है। जिन विद्यार्थियों ने सभी शर्तें पूरी की हैं, उनसे उनकी पसंद के अनुसार पेट्रोल या इलेक्ट्रिक स्कूटी के कोटेशन जमा कराए जा रहे हैं। बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटी की कीमत करीब 1.20 लाख रुपए तथा पेट्रोल स्कूटी की कीमत लगभग 90 हजार रुपए है।
लैपटॉप योजना में इंदौर प्रदेश में अव्वल
स्कूटी योजना में संख्या भले कम हुई हो, लेकिन लैपटॉप योजना में इंदौर ने पूरे प्रदेश में सबसे अधिक लाभार्थियों के साथ रिकॉर्ड बनाया है। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के 6,935 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। प्रदेश में यह सर्वाधिक संख्या है।
बैंक खाते अपडेट, बजट का इंतजार
शिक्षा विभाग ने अधिकांश पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों का सत्यापन और अपडेट का कार्य पूरा कर लिया है। जिन विद्यार्थियों के खाते अभी अपडेट नहीं हुए हैं, उनकी प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। विभाग को अब शासन से बजट आवंटन का इंतजार है। अधिकारियों को उम्मीद है कि 15 अगस्त से पहले स्कूटी एवं लैपटॉप योजना की राशि विद्यार्थियों के खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से जमा कर दी जाएगी।
नाम अनुसार छात्रों की संख्या पोर्टल पर अपलोड
योजना अधिकारी एम.एस. मेघवाल ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्कूल टॉपर के लिए 70 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। इसी आधार पर पात्र विद्यार्थियों की अंतिम सूची तैयार की गई है। स्कूटी के लिए कोटेशन लेने और लैपटॉप की राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
फैक्ट फाइल
स्कूटी पात्र विद्यार्थी- 146
योजना से बाहर हुए- 14
लैपटॉप लाभार्थी- 6,935
लैपटॉप प्रोत्साहन राशि
25,000 रु. प्रति विद्यार्थी
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved