
नई दिल्ली. पेरू (Peru) के नाज्का शहर (Nazca Lines) में टूरिस्ट्स (Tourists) को ले जा रहा एक प्लेन (plane) अचानक खेत में गिरकर क्रैश (crashes) हो गया. इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
नाज्का नगर पालिका प्रशासन ने अपने फेसबुक पेज पर जारी एक बयान में हादसे की पुष्टि की है. बयान के मुताबिक, ये विमान पर्यटकों को प्रसिद्ध ‘नाज्का लाइंस’ दिखाने के लिए ले जा रहा था.
नाज्का लाइंस पेरू के रेगिस्तानी इलाके में सैकड़ों साल पहले वहां के मूल निवासियों की बनाई गई विशाल आकृतियां हैं. जमीन पर उकेरी गई इन आकृतियों में अलग-अलग जानवरों के चित्र शामिल हैं, जिन्हें सिर्फ हवाई जहाज या ऊंचे टावर से ही पूरी तरह देखा और समझा जा सकता है.
एयरोडियाना एयरलाइन का था विमान
नाज्का सरकार के मुताबिक, क्रैश हुए प्लेन ने पास के शहर ‘इका’ से उड़ान भरी थी. ये प्लेन पेरू की प्राइवेट एविशन कंपनी ‘एयरोडियाना’ कर रही थी. एयरलाइन की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, कंपनी पिछले 14 सालों से ‘सेसना ग्रैंड कारवां’ विमानों के जरिए पर्यटकों को नाज्का लाइंस की हवाई यात्रा करा रही है.
पेरू के नागरिक उड्डयन प्राधिकारियों ने घटना की हाई लेवल जांच के आदेश दे दिए हैं. विमान किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ, इसका पता लगाने के लिए स्पेशल टीम मौके पर जुट गई है. फिलहाल इस हादसे पर एयरलाइन कंपनी ‘एयरोडियाना’ की तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है. स्थानीय प्रशासन शवों की पहचान और परिजनों से संपर्क करने की कोशिशों में लगा हुआ है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved