
जबलपुर। मप्र मानव अधिकार आयोग की मुख्य पीठ भोपाल ने जबलपुर के जनहित के तीन मामलो में स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया की मीडिया रिपोर्ट के आधार पर अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह द्वारा प्रकरण पर सुनवाई करते हुये संबधितो से मामलों पर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तलब किया है।
स्कूल परिसर में रखवा दिया ट्रांसफॉर्मर, कभी भी हो सकता है हादसा-
जिले की तहसील पाटन के ग्राम कंतोरा के स्कूल परिसर में विद्युत मंडल द्वारा ट्रांसफार्मर रखवाने का मामला सामने आया है। ट्रांसफॉर्मर से निकले तार स्कूल परिसर में फैले हुये है। इस कारण स्कूली छात्र-छात्राओं के करंट की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। आयोग ने मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लि. के एमडी से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में तलब किया है।
ननि में शामिल होने के बाद भी कई गांवों में मूलभूत सुविधा नहीं
शहर से लगे कई गावं में मूलभूत सुविधाओं नहीं होने का मामला सामने आया है। कई गांव वर्षों पहले नगर निगम सीमा में शामिल हो गये है, लेकिन इसके बावजूद भी ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं जैसे पक्की सड़क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा व अन्य विकास कार्य नहीं हो पाये है। इस कारण ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही है और उन्हें कई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आयोग ने जबलपुर के नगर निगम आयुक्त से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक सप्ताह में तलब है।
विक्टोरिया में डॉक्टरों के समय पर नहीं आने से इंतजार में खड़े रहते हैं मरीज
शासकीय जिला अस्पताल विक्टोरिया में पदस्थ अधिकांश डॉक्टरों के तय समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। इस कारण मरीजों को डॉक्टरों के चेंबरों के बाहर लंबी कतार लगाकर उनका घंटो इंतजार करना पड़ता है। इस बीच उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही कई डॉक्टरों के नहीं आने के कारण कई मरीज बिना इलाज के ही वापस लौट जाते है। आयोग ने जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में तलब किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved