
नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (Congress MP Priyanka Gandhi Vadra) ने कहा कि सरकार के दावों और वास्तविकता के बीच (Between the Government’s Claims and Reality) बड़ा अंतर दिखाई देता है (Wide Gap is Evident) ।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने फैसले के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार युवा पीढ़ी, महिला सशक्तीकरण और महिला आरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में जो संदेश जाता है, वह चिंताजनक है। सरकार के दावों और वास्तविकता के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अदालत के फैसले पर संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह न्यायालय के निर्णय पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को अपना काम करने देना चाहिए और यदि इस फैसले के खिलाफ अपील दायर होती है तो आगे की कानूनी प्रक्रिया का इंतजार किया जाना चाहिए। थरूर ने कहा कि यदि अपील नहीं होती है, तो कानून की दृष्टि से बृजभूषण शरण सिंह को सम्मानपूर्वक बरी माना जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी ने कहा कि वह न्यायपालिका का सम्मान करती हैं और अदालत के फैसले के खिलाफ कुछ नहीं कहेंगी। हालांकि उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों और समाज के एक बड़े वर्ग में इस फैसले को लेकर निराशा है। उनके अनुसार, जिन महिला पहलवानों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया, उन्होंने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल के माध्यम से अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में जांच और जुटाए गए साक्ष्यों को लेकर कई सवाल हैं तथा कई महिलाओं को आशंका है कि इस फैसले से खेलों में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही युवा महिला खिलाड़ियों के उत्पीड़न के मामलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved