सांगली। महाराष्ट्र के सांगली (Sangli) में रविवार को फिल्म ‘शोले’ (film ‘shole’) के एक मशहूर दृश्य जैसा नजारा देखने को मिला। यहां एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी के लिए ‘हां’ सुनने की जिद में ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने साफ कह दिया कि जब तक उसकी गर्लफ्रेंड मौके पर नहीं आती और उसके प्रपोजल को स्वीकार नहीं करती, वह नीचे नहीं उतरेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
कुपवाड़ इलाके के रहने वाले अजय जाधव ने रविवार दोपहर अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोग पहले उसकी इस हरकत की वजह समझ नहीं पाए।
जब अजय ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया और अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग की, तब लोगों को पूरा मामला समझ आया। युवक का कहना था कि वह अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता है और चाहता है कि वह मौके पर आकर उसके प्रपोजल का जवाब दे।
अजय ने कथित तौर पर यह शर्त रखी कि प्रेमिका के सामने आने और ‘हां’ कहने तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही कुपवाड़ इंडस्ट्रियल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंच गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
एक तरफ टावर पर अजय बैठा रहा, वहीं नीचे पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई और टावर के नीचे लोगों की बड़ी भीड़ जमा हो गई।
कुपवाड़ पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर आनंदराव घाडगे और उनकी टीम ने युवक से लगातार बातचीत की। पुलिस ने उसे समझाया कि टावर पर इस तरह बैठना उसकी जान के लिए बेहद खतरनाक है।
पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिए भी अजय से बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि वह पहले सुरक्षित नीचे आए। अधिकारियों ने उसे समझाया कि अपनी बात रखने के लिए इस तरह जान जोखिम में डालना सही तरीका नहीं है।
काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद अजय नीचे आने के लिए तैयार हो गया। जैसे ही वह सुरक्षित जमीन पर पहुंचा, पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल युवक सुरक्षित है और पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है। हालांकि, इस पूरे ‘शोले’ जैसे ड्रामे का सबसे दिलचस्प सवाल अब भी बाकी है—अजय की प्रेमिका ने उसके प्रपोजल पर ‘हां’ कहा या नहीं?
मोबाइल टावर से युवक तो नीचे उतर आया, लेकिन उसकी प्रेम कहानी का अगला अध्याय अभी साफ नहीं हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved