नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन कार्यक्रम में राहुल ने अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। कार्यक्रम के बाद जब उनसे पूछा गया कि उनकी गर्लफ्रेंड अब कहां है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वह अब उनकी दोस्त है।
माता-पिता की पहली मुलाकात से जुड़ा किस्सा सुनाया
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात से जुड़ा दिलचस्प प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि परिवार में यह कहानी सुनाई जाती रही है कि दोनों की पहली मुलाकात ब्रिटेन के कैम्ब्रिज स्थित ‘वर्सिटी रेस्तरां’ में हुई थी। राहुल ने बताया कि कई साल बाद वह भी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्तरां में गए थे।
परिवार के मुश्किल दौर को याद कर भावुक हुए राहुल
कार्यक्रम में राहुल गांधी अपने परिवार के मुश्किल दौर को याद करते हुए भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि परिवार ने पहले अपनी मुख्य आधार इंदिरा गांधी को गोली खाते देखा और बाद में अपने सबसे बड़े सहारे राजीव गांधी को खो दिया।
राहुल ने बताया कि उनकी मां सोनिया गांधी की याददाश्त बेहद तेज है और वह कभी कुछ नहीं भूलतीं, लेकिन राजीव गांधी की मृत्यु से जुड़ी घटनाओं के बारे में पूछने पर उन्हें कुछ याद नहीं रहता। उन्होंने कहा कि किताब को सोनिया गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने मिलकर तैयार किया है।
सोनिया गांधी ने बताई किताब लिखने की वजह
इस मौके पर सोनिया गांधी ने कहा कि उनके परिवार और निजी जीवन को लेकर लंबे समय से कई तरह की बातें कही जाती रही हैं, जिनमें से ज्यादातर सच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार, सास, पति, बेटे और बेटी के बारे में भी कई ऐसी कहानियां गढ़ी गईं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
सोनिया गांधी ने कहा कि राजनीति में उनके साथियों और मित्रों ने भी इस तरह के अनुभव किए होंगे। लोगों के बारे में कहानियां गढ़ी जाती हैं और झूठ फैलाया जाता है। ऐसे में उन्होंने अपने परिवार के बारे में अपनी भावनाएं और अनुभव साझा करने के लिए संस्मरण लिखने का फैसला किया। उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी कहानी सुनने और समझने के लिए तैयार होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved