
धार। धार-उज्जैन फोरलेन (Dhar-Ujjain Four-lane Highway) पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसे में गुजरात के वडोदरा से आए 6 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी युवक उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन कर मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) से वापस गुजरात लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
रॉन्ग साइड से आ रहा था अनियंत्रित ट्रॉला
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर लोहे के सामान से भरा एक ट्रॉला (GJ 39 DB 9248) रॉन्ग साइड से अनियंत्रित गति में उज्जैन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ईको वैन की ट्रॉले से आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर टीआई अमित सिंह कुशवाह, तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर कार की खिड़की का कांच तोड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद शवों और गंभीर रूप से घायल युवक को बाहर निकाला।घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बदनावर सिविल अस्पताल भेजा गया। सभी मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को गुजरात में हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस ने फरार ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे के कारण कुछ देर के लिए फोरलेन पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved