
सीहोर। सीहोर जिले (Sehore district) में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश (Rain) ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जिले के तमाम नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। इस आफत की बारिश के बीच भीलाखेड़ी गांव से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई, जहां नदी के किनारे स्थित एक मकान में पानी घुसने से एक ही परिवार के 10 लोग चारों तरफ से पानी से घिरकर फंस गए।
जानकारी के अनुसार भीलाखेड़ी नदी का जलस्तर अचानक बहुत तेजी से बढ़ा। देखते ही देखते जलभराव इतना भीषण हो गया कि मकान में मौजूद परिजनों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। पानी का बहाव बेहद तेज था, जिससे परिवार के सदस्यों की जान पर बन आई और चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों और पुलिस का संयुक्त अभियान
जैसे ही घटना की खबर पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों को मिली, इलाके में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम बिना देर किए तुरंत मौके पर पहुंची। उफनती नदी के तेज बहाव और लगातार हो रही बारिश के बीच पुलिस जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एक बड़े राहत और बचाव अभियान की शुरुआत की। साहस और मुस्तैदी का परिचय: जान जोखिम में डालकर पुलिस और ग्रामीणों की टीम उफनते पानी में उतरी। रस्सियों और स्थानीय संसाधनों के सहारे एक-एक कर परिवार के सभी 10 सदस्यों जिन्हें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस व ग्रामीणों का दिल से आभार जताया। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने जिले वासियों से अपील की है कि नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और जलभराव वाले इलाकों में अत्यधिक सतर्कता बरतें। मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन दल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved