
नागदा। नर्मदा नगर के श्रद्धालुओं द्वारा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में रविवार सुबह 9 बजे हाउसिंग बोर्ड स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से बोल बम कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा के पहले मंदिर प्रांगण में नर्मदेश्वर महादेव की विधिवत आरती की गई। ध्वजा-पताका का पूजन किया गया। समिति पूर्व अध्यक्ष लालसिंह कुशवाह ने अपने हाथों में ध्वज धारण किया और यात्रा की शुरुआत हुई। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।
कांवड़ यात्रा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से खड़े हनुमान मंदिर, कोटा फाटक, श्रीराम कॉलोनी चौराहा, पुराना बस स्टैंड, जवाहर मार्ग, थाना चौराहा, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा का पूर्व विधायक दिलीपसिंह शेखावत, पूर्व नपाध्यक्ष शोभा यादव, गोपाल यादव, पंकज माखरिया, नरेंद्र लोहार, शिवसेना के जितेंद्र भाट, रघुवंशी समाज सहित विभिन्न समाजों द्वारा स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रा ने चंबल तट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर बाबा मुक्तेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। महाआरती कर यात्रा का समापन किया गया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष सुशील कटियार, मुकेश पाठक, जितेंद्र सालवी, गिरिराज जैन, दिलीपसिंह पंवार, शैलेंद्रसिंह रघुवंशी, विकास उपाध्याय, राजेश पंवार, निकित जैन, अनिल तोमर, राज सेन, रामकिशोर राय, संदीप मीणा, प्रेम सोनी आदि मौजूद थे।