
भोपाल। मध्यप्रदेश (MP) में हो रही भारी बारिश (Heavy rain) के चलते कई जिले बाढ़ (flood) की चपेट में घिर आए हैं। प्रदेश के डिंडौरी, पन्ना, चित्रकूट, मऊगंज, उमरिया, रीवा, चंबल-ग्वालियर संभाग के साथ ही छतरपुर, टीकमगढ़ में भारी बारिश के चलते कई निचले इलाके डूब गए हैं और सैकड़ों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। छतरपुर में पिछले 24 घंटे में 556 मिमी बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी क्षेत्र में हो रही है। यहां छतरपुर में भारी बारिश के चलते 2 लोग नाले में बह गए, वहीं रीवा में बारिश के चलते सडक़ें तालाब में तब्दील हो गईं। बारिश का पानी घरों में घुस गया। सबसे बुरा असर डिंडौरी, पन्ना, चित्रकूट पर पड़ रहा है। यहां की मंदाकिनी नदी उफान पर है। यहां सडक़ों पर नाव चलाकर बाढ़ में घिरे लोगों को निकाला जा रहा है। इसी तरह चित्रकूट में 24 घंटे में हुई 17 इंच बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिले के सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है।
6 जिलों में अतिभारी बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में अतिभारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवा, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। वहीं विदिशा, रायसेन, अशोकनगर, दतिया, भिंड, रीवा, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, निवाड़ी और मैहर समेत कई जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved