
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अगले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए ‘साफ’ कर देगी। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर गरीबों को अपने एजेंडे में कभी जगह नहीं देने और परिवार के हितों के लिए प्रदेश को पीछे रखने का आरोप लगाया।
लखनऊ में मध्याह्न भोजन योजना के रसोइयों के सम्मान समारोह और नकद भुगतान रहित चिकित्सा सुविधा के कार्ड वितरण कार्यक्रम को सीएम योगी संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में भोजन बनाने वाले रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी भी दे रही है। मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सहायता, पांच लाख रुपये तक के नकद भुगतान रहित इलाज की सुविधा और साड़ी के लिए मिलने वाली राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की घोषणा की।
सीएम योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, “यह काम पहले भी हो सकता था, मगर पहले इसलिए नहीं होता था क्योंकि समाजवादी पार्टी के एजेंडे में गरीब तो कोई मुद्दा ही नहीं था।” सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें ‘बबुआ’ कहकर संबोधित किया और कहा, “आज आपने समाजवादी पार्टी के मुखिया का बयान पढ़ा होगा। बबुआ ने कहा है कि जब हमारे परिवार के सभी लोग सांसद हैं, इसीलिए तो सपा सपा बनी हुई है। हमने कहा कि सपा इसलिए सपा है क्योंकि जनता उसे अगले चुनाव में हमेशा के लिए साफ कर देगी।”
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोई दोपहर 12 बजे सोकर उठे, दो बजे तक तैयार हो, शाम पांच बजे व्यायामशाला जाए और फिर शाम को महफिल जमाए तो उसके पास प्रदेश के लिए समय कहां से होगा। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के विकास के लिए समय नहीं था, लेकिन अब सरकार के पास जनता की समस्याओं का समाधान करने और हर वर्ग को आगे बढ़ाने की योजना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved