ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील और फॉलोअर्स बढ़ाने की चाहत में लोग तरह-तरह के प्रयोग कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर (Gwalior) में भी ऐसा ही एक अनोखा मामला (curious Case) सामने आया, जहां एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ (Kissing car) बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर लाल लिपस्टिक से करीब 3400 चुंबन के निशान बनाए गए। सड़क पर इस कार को देखकर लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि वीडियो को महज एक दिन में 55 लाख से ज्यादा व्यूज मिले। हालांकि, सोशल मीडिया पर मिली लोकप्रियता युवक के लिए परेशानी का कारण भी बन गई। वीडियो वायरल होने के बाद ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने कार को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई।
कार मालिक आदित्य सिकरवार के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर अलग पहचान बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए उसने यह प्रयोग किया था। उसकी गर्लफ्रेंड विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से प्रभावित थी। इसी के बाद कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाने का फैसला किया गया।
आदित्य के अनुसार, उसकी गर्लफ्रेंड ने कार पर करीब 3400 निशान बनाए और इस पूरी प्रक्रिया में लगभग साढ़े तीन से चार घंटे लगे।
निशानों से सजी कार लेकर आदित्य सिटी सेंटर से थाटीपुर की ओर निकला। सड़क पर इस अनोखी कार को देखकर लोगों का ध्यान उसकी तरफ जाने लगा। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
वीडियो तेजी से वायरल हुआ और एक दिन में 55 लाख से ज्यादा व्यूज मिलने की बात सामने आई। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस तक भी पहुंच गया।
ट्रैफिक सूबेदार अभिषेक रघुवंशी के मुताबिक, करीब दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक स्विफ्ट कार का वीडियो वायरल हुआ था। कार पर लिपस्टिक के आपत्तिजनक निशान बने हुए थे। पुलिस ने वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान की और चालक को थाने बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत 5500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के बाद आदित्य को अपनी गलती का एहसास हुआ। उसने पुलिस को बताया कि रील बनाने और व्यूज हासिल करने के चक्कर में उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके इस प्रयोग से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में युवक ने थाने परिसर में ही पानी से कार पर बने लिपस्टिक के सभी निशान अपने हाथों से साफ किए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की कोशिश में किए गए प्रयोग कभी-कभी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। ग्वालियर पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक को न सिर्फ जुर्माना भरना पड़ा, बल्कि अपनी ‘किसिंग कार’ को वापस सामान्य हालत में भी लाना पड़ा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved