
इंदौर। प्रियंका जैन देशपांडे।
जन्म (Birth) के बाद से ही थेलेसीमिया, सिकल सेल (Thalassemia, sickle cell) और हेपेटाइटिस बी व सी (Hepatitis B and C) जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे एक मासूम को अब नया परिवार (New Family) और खुशहाल जिंदगी मिलने जा रही है। धार (Dhar) जिले में जन्मे जुड़वां बच्चों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं सामने आने के बाद उनके माता-पिता अस्पताल में ही लावारिस छोड़कर चले गए थे। दोनों में से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे ने तमाम मुश्किलों के बावजूद जिंदगी की जंग जीत ली। अब एक साल का यह बच्चा अमेरिका के दंपति के साथ नई जिंदगी शुरू करेगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) की मदद से अमेरिकी दंपति ने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई थी। दंपति पहले से ही दो बच्चों के माता-पिता हैं और उन्होंने भारतीय बच्चे को परिवार का हिस्सा बनाने का निर्णय लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चे को गोद देने की प्रक्रिया पर स्वीकृति दे दी है। फिलहाल विभाग द्वारा बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद पासपोर्ट और वीजा संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एक साल तक चली कागजी प्रक्रिया
बच्चे को नया परिवार दिलाने के लिए पिछले एक साल से कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी। विभागीय कर्मचारी अविनाश यादव और संजीवनी सेवा के राहुल कोली ने दस्तावेजों से लेकर अन्य औपचारिकताओं को पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विदेशी दंपति को बच्चा गोद दिलाने की प्रक्रिया में आफा संस्था की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दंपति जल्द ही दिल्ली पहुंचेंगे और वहां से इंदौर आकर बच्चे से मुलाकात करेंगे। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्चा अपने नए माता-पिता के साथ अमेरिका रवाना होगा। अमेरिकी कानून के आर्टिकल 5 और 17 के तहत वहां पहुंचते ही नागरिकता संबंधी प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
धार से अमेरिका तक का सफर
धार के जिला अस्पताल से बच्चों को गंभीर स्थिति में इंदौर रैफर किया गया था, जहां उनका इलाज चला और संजीवनी सेवा संस्था में रखा गया। हालांकि इलाज के दौरान ही एक बच्चे की मौत हो गई थी, वहीं दूसरे बच्चे ने जिंदगी की जंग जीत ली। लीगल फ्री करने के बाद विभाग ने गोद लेने की प्रक्रिया में बच्चे को शामिल कराया और अमेरिका के अस्पताल में नर्स का काम कर रही महिला ने उसे गोद लेने की इच्छा जताई।
अब तक 30 बच्चे विदेशों में गोद दिए
विभागीय जानकारी के अनुसार अब तक करीब 30 बच्चों को विदेशों में गोद दिया जा चुका है। जर्मनी, इटली, फ्रांस, अमेरिका सहित कई देशों में बच्चों को गोद दिया जा चुका है, जहां एक नए परिवार के साथ उनका पालन-पोषण ही नहीं हो रहा, बल्कि उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं। विदेश में गोद दिए जाने वाले बच्चों की निगरानी के लिए हर छह महीने में फॉलोअप रिपोर्ट देना अनिवार्य है। इसमें बच्चे की स्थिति की जानकारी फोटो और वीडियो के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved