
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों (District Cooperative Banks) के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही नौ जिला सहकारी बैंकों को आर्थिक मजबूती देने के लिए अंश पूंजी उपलब्ध कराने का फैसला हुआ। सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। बैठक में विधानसभा के शीतकालीन सत्र से लेकर प्रदेश के विकास और आगामी दो साल की कार्ययोजना तक कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने फैसलों की जानकारी दी।
कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने की मंजूरी दी है। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी मिलेगी। पैक्स समितियों के चुनाव और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की प्रक्रिया भी एक साल आगे बढ़ाई गई है। नई समितियों के गठन और परिसीमन का काम पूरा होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। पैक्स प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए दोनों चुनाव आपस में जुड़े हैं।
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो साल की प्राथमिकताएं तय करने के लिए दिसंबर में दो महत्वपूर्ण आयोजन होंगे। 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें आठ सत्रों में प्रदेश के विकास और 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लक्ष्य पर चर्चा होगी। इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर होगा। इसमें अधिकारियों के साथ चर्चा के आधार पर सरकार की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित होगा। सत्र में अनुपूरक बजट और विभिन्न शासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे।
प्रदेश में खनिज से होने वाली सालाना आमदनी 12,170 करोड़ रुपये है। सरकार ने इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। खनिज निगम लिमिटेड पुराने आंकड़ों का विश्लेषण करने के साथ नई खदानों के विकास पर काम करेगा। इस प्रक्रिया में हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा से वंचित 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बस्तियों के 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इसके लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इसका खर्च उठाएंगे। वहीं 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने संसाधनों से कराएगी।
ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके मुख्य कार्य को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया विकसित किए जाएंगे। यहां विदेशी पर्यटकों को स्थानीय खान-पान और जनजातीय संस्कृति से परिचित कराया जाएगा।
प्रदेश में 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ भी हो चुका है। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
प्रदेश की जनजातीय कला और पारंपरिक उत्पादों को पहचान दिलाने के लिए भी सरकार ने पहल की है। भील जनजाति की माला, बोलनी, पिथोरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया और गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के लिए जीआई टैग के आवेदन किए गए हैं।
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में मध्य प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल किया है। इसके साथ प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है। गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी नस्ल की गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। योजना का उद्देश्य देसी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved