
इंदौर। इंदौर में सड़क पर लूट का एक ऐसा खेल… जिसमें तीन बदमाश पहले राहगीर की बाइक में लात मारते हैं… उसे सड़क पर गिराते हैं… फिर चाकू दिखाकर गले से सोने की चेन झपट लेते हैं। लेकिन वारदात के बाद ज्यादा दूर नहीं जा पाए। भंवरकुआं पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर के जरिए तीनों चैन स्नैचरों को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए लूटपाट करते थे।
ये तस्वीर उस गैंग की है… जो सुनसान सड़क देखकर राहगीरों को अपना शिकार बनाती थी।24 अगस्त की रात करीब 9 बजकर 40 मिनट… राजीव गांधी सर्विस रोड… शुभकारज गार्डन के पास एक फरियादी अपनी बाइक से घर जा रहा था। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। पहले फरियादी की बाइक में जोरदार लात मारी… बाइक अनियंत्रित हुई और फरियादी सड़क पर जा गिरा।इसके बाद बदमाशों ने चाकू निकाला… धमकाया… और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
वारदात की शिकायत मिलते ही भंवरकुआं पुलिस एक्टिव हुई। इलाके के सीसीटीवी खंगाले गए… संदिग्धों की पहचान की गई… और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। आखिरकार पुलिस तीनों बदमाशों तक पहुंच गई। गिरफ्तार आरोपियों में नीलेश पिपले, अजय बाशिन्दे और दीपक बंजारा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 24 ग्राम वजनी सोने की चेन बरामद कर ली है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
खास बात ये है कि तीनों आरोपी पुलिस के लिए नए नहीं हैं। इनके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में मारपीट, लूट, आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल भंवरकुआं पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चैन स्नैचिंग और लूट की कुछ और वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved