
जाते-जाते नगर अध्यक्ष मिश्रा से कह गए… बस अब और देर नहीं
इन्दौर। एक बार फिर भाजपा (BJP) युवा मोर्चा अध्यक्ष (Youth Front President) की नियुक्ति को लेकर प्रदेश अध्यक्ष (State President) हेमंत खंडेलवाल (Hemant Khandelwal) ने नगर अध्यक्ष मिश्रा से सीधी बात की। कार्यशाला के बाद रवाना होने के पूर्व उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि एक नाम नहीं, बल्कि नामों की पैनल भोपाल भेजो, ताकि जल्दी निर्णय लिया जा सके।
इंदौर में अभी तक युवा मोर्चा अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है, जबकि सारे मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। युवा मोर्चा के प्रदेश अ़ध्यक्ष श्याम टेलर भी यहां की गुटबाजी में नहीं पड़ना चाह रहे हैं और उन्होंने भी नियुक्ति के मामले को इंदौर संगठन पर ही छोड़ दिया है। हालांकि संगठन का दावा है कि 11 नामों की पैनल पहले ही भोपाल भेजी जा चुकी है और पिछले दिनों हुई संगठन की बैठक में भी यही मुद्दा उठा था, जिस पर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अध्यक्ष की नियुक्ति की गेंद भोपाल के पाले में डाल दी थी, लेकिन कल सेवादूत अभियान की कार्यशाला में शामिल होने आए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इंदौर से रवाना होने लगे तो उन्होंने जनप्रतिनिधियों के सामने मिश्रा से कहा कि वे जल्द से जल्द युवा मोर्चा अध्यक्ष की नियुक्ति कर कार्यकारिणी में युवाओं को शामिल करें। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक गोलू शुक्ला और युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष सौगात मिश्रा भी वहीं मौजूद थे। खंडेेलवाल ने कहा कि इंदौर से केवल एक नाम ही जाता है, इसलिए मोर्चा अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं की जा सकी है। उन्होंने सीधे मिश्रा से कहा कि अच्छे दावेदारों में नामों का पैनल बनाकर जल्दी भोपाल भेजो, ताकि उस पर निर्णय लिया जा सके। इसके बाद खंडेलवाल वहां से रवाना हो गए। अब माना जा रहा है कि युवा मोर्चा का फैसला जल्द ही ले लिया जाएगा। अब अंतिम तीन नामों की पैनल में कौन शामिल रहेगा, इसकी गेंद वापस शहर के पाले में आ गई है।
दिवंगत कार्यकर्ताओं के घर श्रद्धांजलि देने पहुंचे
खंडेलवाल इसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को लेकर सांसद रहे नारायण केसरी के घर पहुंचे, जिनका पिछले दिनों निधन हो गया था। उन्होंने उनके पुत्र भूपेन्द्र केसरी और परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र व्यास के निवास पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और व्यास के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved