
नई दिल्ली ।भारत और अफगानिस्तान (India-Afghanistan) के बीच आगामी क्रिकेट सीरीज से पहले जारी एक प्रमोशनल वीडियो को लेकर पाकिस्तान में नाराजगी (Anger) सामने आई है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Afghanistan Cricket Board) की ओर से जारी किए गए इस वीडियो में गिलगित-बाल्टिस्तान (Gilgit-Baltistan) और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत के नक्शे का हिस्सा दिखाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) ने इस पर आपत्ति जताई है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भारत के साथ होने वाली आगामी सीरीज को लेकर यह प्रमोशनल वीडियो साझा किया था। वीडियो में इस्तेमाल किए गए भारत के नक्शे में गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके को भारत का हिस्सा दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान में इस वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया तेज हो गई और क्रिकेट बोर्ड ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
इस मामले को लेकर पाकिस्तान की ओर से इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पहले से ही तनावपूर्ण संबंध बने हुए हैं।
पिछले कुछ समय से दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को लेकर कई बार झड़प और गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान पर यह आरोप भी लगाया जाता रहा है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के हमलों के लिए होता है। पाकिस्तान आतंकवाद के मुद्दे पर अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराता रहा है। ऐसे माहौल में क्रिकेट बोर्ड के प्रमोशनल वीडियो में इस्तेमाल नक्शे ने दोनों देशों के बीच तनाव के बीच एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
दूसरी ओर, भारत और अफगानिस्तान के संबंधों में भी लगातार संपर्क और सहयोग बना हुआ है। भले ही भारत और तालिबान के बीच औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित नहीं हुए हैं, लेकिन दोनों देशों के रिश्तों में किसी बड़े तनाव की स्थिति नहीं है। आर्थिक विकास के क्षेत्र में भारत अफगानिस्तान की मदद कर रहा है। जानकारों के अनुसार, इस तरह के वीडियो के जरिए अफगानिस्तान यह संकेत देना चाहता है कि वह अपनी विदेश नीति को स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ा रहा है और पाकिस्तान की आपत्तियों की परवाह किए बिना भारत के साथ संबंध मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सीरीज से जुड़े अपने संदेश में कहा कि पूरा देश इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। बोर्ड ने इसे दो ऐसे देशों को करीब लाने वाली सीरीज बताया, जिनका इतिहास और संस्कृति एक-दूसरे से जुड़ी रही है। संदेश में यह भी कहा गया कि यह मुकाबला केवल एक मैच से कहीं ज्यादा है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच यह सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जानी है। सीरीज से पहले नक्शे को लेकर उठा विवाद अब क्रिकेट से आगे राजनीतिक और कूटनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
इसी बीच भारत और अफगानिस्तान के बीच आर्थिक मोर्चे पर भी सहयोग बढ़ाने को लेकर बातचीत जारी है। दोनों देश व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़ी हालिया बातचीत में विभिन्न क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग मजबूत करने और चिन्हित क्षेत्रों में आगे की कार्रवाई करने पर सहमत हुए हैं। इनमें सीमा शुल्क और डेटा साझा करने में सहयोग बढ़ाना, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि क्षेत्र में नियामक सहयोग, व्यापार संपर्क में सुधार तथा निवेश और व्यापारिक जुड़ाव को बढ़ावा देना शामिल है।