
होटल में युवती की संदिग्ध मौत का मामला
इन्दौर। तिलक नगर (Tilak Nagar) इलाके की होटल एलएक्स (Hotel LX) में ब्यूटीशियन (beautician) सोनिला शर्मा (Sonila Sharma) की संदिग्ध मौत के बाद पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल भाग गया। उसका मोबाइल अभी भी बंद है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है। उधर, ब्यूटीशियन सोनिला के पति ने आठ दिन बाद दीपक के बारे में कुछ कहने की बात कही है।
तिलक नगर टीआई मनीष लोधा ने बताया कि होटल में रुकने पहुंची सोनिला से मिलने दीपक खंडेलवाल पहुंचा था। करीब 40 मिनट बाद वह बाहर भागते हुए आया और स्टाफ से कहा कि सोनिला बेहोश है। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सोनिला की मौत आत्महत्या है या इन 40 मिनट में उसके साथ कुछ अनहोनी हुई थी, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। कल सोनिला के पोस्टमार्टम के दौरान उसके परिजन भी एमवाय अस्पताल की मर्च्यूरी में पहुंचे थे। उनके साथ सोनिला का पति संजय भी था। करीब 14 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। सालभर से वे दोनों अलग रह रहे थे। संजय ने कहा कि वह दीपक को जानता है, लेकिन अभी उसके बारे में कुछ कहना नहीं चाहता। आठ दिन बाद उसने दीपक के बारे में बात करने को कहा। पोस्टमार्टम के दौरान ही दीपक वहां से चला गया था। बाद में पुलिस ने उससे संपर्क करने के लिए फोन लगाया, मगर उसका मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस उससे पूछताछ करना चाहती है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं सोनिला को प्रताड़ित तो नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते उसने आत्महत्या की या फिर उसके साथ किसी प्रकार की मारपीट तो नहीं की गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved