
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. ढांगी बस्ती स्थित चटनियां पुल के सामने जंगल में एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद हुआ. महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर मिले. घटनास्थल से पूजा सामग्री मिली है. नरबलि की आशंका जताई जा रही है. शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. घटना की जानकारी मिलते ही बलियापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार को शौच के लिए जंगल की ओर गया था. इसी दौरान उसकी नजर जमीन पर पड़े महिला के पैर पर पड़ी. उसे कुछ संदिग्ध लगा तो उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखा कि जंगल में एक महिला का शव पड़ा है. उसका सिर धड़ से अलग था. घटना की सूचना आशीष महतो ने बलियापुर थाना पुलिस को दी. पुलिस के पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लिया गया और घटनास्थल की जांच शुरू की गई.
बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार के मुताबिक, बरामद महिला की उम्र करीब 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और महिला की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला आसपास के किसी इलाके की रहने वाली थी या उसे कहीं और से लाकर जंगल में वारदात को अंजाम दिया गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved