
इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसमें प्रेम संबंध का विरोध करने पर एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रच डाली. आरोप है कि दोनों ने पहले पिता को नींद की गोलियां देकर बेहोश किया. इसके बाद उन पर चाकू और सिलबट्टे से हमला कर उनकी जान ले ली. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई. जब शव फ्रिज में नहीं समाया, तो उसे कपड़ों में लपेटकर बक्से में बंद कर दिया गया. घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक की नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी का है. यहां रहने वाले करीब 55 वर्षीय श्याम सुंदर का शव उनके घर में रखे एक बक्से के अंदर मिला था. वह एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे. उनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी और उनकी दो बेटियों की शादी हो गई थी. वह अपनी छोटी बेटी के साथ काशीराम कॉलोनी में मिले आवास में रहते थे. पुलिस के मुताबिक, श्याम सुंदर की छोटी बेटी का अभिलाष सिंह नाम के युवक से प्रेम संबंध था. दोनों के बीच बातचीत होती थी. बेटी अपने पिता के मोबाइल फोन से प्रेमी से बात करती थी. जब श्याम सुंदर को इस संबंध का पता चला, तो उन्होंने बेटी को डांटा और उसे रोकने की कोशिश की. इसी बात को लेकर बेटी और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बना ली.
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात श्याम सुंदर घर लौटे थे. आरोप है कि बेटी और उसके प्रेमी ने उन्हें चाय या खाने में नींद की गोलियां दे दीं. इसके बाद वह बेहोशी की हालत में पहुंच गए. फिर दोनों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया. पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने घर में रखे चाकू से उनका गला काटने की कोशिश की. इसके बाद सिलबट्टे के लोढ़े से उनके सिर पर जोरदार वार किया और छाती पर भी हमला किया. इस तरह श्याम सुंदर की हत्या कर दी गई. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों ने कथित तौर पर श्याम सुंदर को चारपाई से बांधकर सिलबट्टे से हमला किया था. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह पिता का बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करना था.
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने शव के हाथ-पैर बांधे और उसे फ्रिज में रखने का प्रयास किया. लेकिन जब शव फ्रिज में नहीं समा पाया, तो उन्होंने दूसरा तरीका अपनाया. आरोप है कि दोनों ने बक्से से कपड़े निकाले और शव को कपड़ों तथा कंबल में लपेटकर उसके अंदर बंद कर दिया. इसके बाद घर में ताला लगाया और वहां से फरार हो गए. बताया गया कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए श्याम सुंदर का मोबाइल फोन भी नाले में फेंक दिया.
हत्या के बाद घर बंद रहा. करीब तीन दिन बाद जब घर से बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों को शक हुआ. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली और बक्से के अंदर से श्याम सुंदर का शव बरामद किया. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीम गठित की.
पांच महीने पहले रिचार्ज के दौरान हुई थी मुलाकात
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, नाबालिग लड़की और अभिलाष सिंह एक-दूसरे से प्रेम करते थे. पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों की मुलाकात करीब पांच महीने पहले फोन नंबर रिचार्ज कराने के दौरान हुई थी. पुलिस का आरोप है कि बाद में बेटी ने ही अपने पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाने के लिए प्रेमी से कहा था. पुलिस ने दोनों को ग्राम सराय ऐसर के पास चकरोड से गिरफ्तार किया. उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस पूरे मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved