
नई दिल्ली ।जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव (Alexander Zverev) ने यूएस ओपन 2026 (US Open 2026) के पुरुष सिंगल्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम (Arthur Ashe Stadium) में 13 सितंबर को खेले गए फाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 ज्वेरेव ने अमेरिका के बेन शेल्टन (Ben Shelton) को 6-3, 7-6(2), 5-7, 6-2 से हराया। मुकाबला 3 घंटे 33 मिनट तक चला। इस जीत के साथ ज्वेरेव ने पहली बार यूएस ओपन ट्रॉफी हासिल की और अपने करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब(Grand Slam title) जीता।
ज्वेरेव ने इसी साल फ्रेंच ओपन में भी खिताबी जीत दर्ज की थी। यूएस ओपन जीतने के बाद उनके करियर के कुल टाइटल्स की संख्या 26 हो गई है। वह बोरिस बेकर के बाद यूएस ओपन पुरुष सिंगल्स खिताब जीतने वाले पहले जर्मन खिलाड़ी भी बन गए हैं। बोरिस बेकर ने 1989 में न्यूयॉर्क में यह खिताब जीता था।
ज्वेरेव के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि छह साल पहले 2020 के यूएस ओपन फाइनल में वह खिताब के बेहद करीब पहुंचकर चूक गए थे। उस मुकाबले में उन्होंने डोमिनिक थीम के खिलाफ शुरुआती दो सेट जीतकर बढ़त बनाई थी, लेकिन बाद में मुकाबला उनके हाथ से निकल गया था। इस बार भी फाइनल के तीसरे सेट में शेल्टन की वापसी से उस पुराने मुकाबले की यादें ताजा हो गईं।
फाइनल की शुरुआत ज्वेरेव ने आक्रामक अंदाज में की। उनके तेज और गहरे बेसलाइन शॉट्स ने शेल्टन को लगातार दबाव में रखा। शेल्टन के डबल फॉल्ट का फायदा उठाकर ज्वेरेव ने शुरुआती ब्रेक हासिल किया और 2-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद 5-3 के स्कोर पर उन्होंने एक और ब्रेक हासिल किया और पहला सेट 6-3 से जीत लिया।
दूसरे सेट में शेल्टन ने अपनी सर्विस में सुधार करते हुए मुकाबले को बराबरी पर रखा। दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबे रैलियों में कड़ा संघर्ष हुआ और स्कोर 5-5 तक पहुंच गया। सेट टाईब्रेक में गया, जहां ज्वेरेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 की बढ़त बना ली। उन्होंने टाईब्रेक 7-2 से जीतकर मुकाबले में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।
दो सेट से पिछड़ने के बाद शेल्टन ने तीसरे सेट में आक्रामकता बढ़ाई। 5-5 के स्कोर पर उन्होंने दबाव बनाते हुए तीन सेट पॉइंट हासिल किए। ज्वेरेव ने एक मौका बचाया, लेकिन अगली कोशिश में उनकी फोरहैंड वॉली बाहर चली गई। शेल्टन ने तीसरा सेट 7-5 से जीतकर मैच को आगे खींच दिया।
चौथे सेट में ज्वेरेव ने वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने शुरुआत में ही शेल्टन की सर्विस तोड़कर 2-0 की बढ़त बनाई। 4-2 के स्कोर पर एक और ब्रेक हासिल करते हुए उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत कर ली। 5-2 पर खिताब के लिए सर्व करते समय डबल फॉल्ट से थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन ज्वेरेव ने ऐस और फोरहैंड विनर के जरिए वापसी की। इसके बाद शेल्टन का फोरहैंड बाहर चला गया और ज्वेरेव ने 6-2 से सेट जीतकर यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया।
दूसरी ओर, आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन 2003 में एंडी रोडिक के बाद ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले पहले अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी बनने से एक जीत दूर थे। हालांकि ज्वेरेव ने उन्हें रोक दिया। इस जीत के साथ शेल्टन के खिलाफ ज्वेरेव का रिकॉर्ड 6-0 हो गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved