img-fluid

नेपाल के रास्ते बिहार में पहुंच रहे 500 के नकली नोट, पाकिस्तान में छपाई की आशंका; एनआईए ने शुरू की तलाश

October 30, 2026

मुजफ्फरपुर। नेपाल के रास्ते उत्तर बिहार में उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोटों (Counterfeit notes) की तस्करी का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ओएसएस सीरीज के 500 रुपये और 6एफके सीरीज के 100 रुपये के जाली नोटों की तलाश में जुटी है। जांच एजेंसी को आशंका है कि इन नोटों की छपाई पाकिस्तान में हुई है। नकली करेंसी की खपत खुदरा बाजारों के साथ चरस तस्करी के कारोबार में भी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

एनआईए की जांच में पता चला है कि मधुबनी की नकली नोट तस्कर हीरा महासेठ उर्फ चाची के नेटवर्क से जुड़े तस्कर इन नोटों को नेपाल से बिहार लेकर आए हैं। एजेंसी मधुबनी के अलावा दरभंगा, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के बाजारों में इन दोनों सीरीज के नोटों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसी को संदेह है कि यह नेटवर्क देश के दूसरे राज्यों तक भी फैला हुआ है।

दो अगस्त को 167 नकली नोटों के साथ हुई थी गिरफ्तारी

इस मामले में हीरा उर्फ चाची के पति भरत महासेठ और उसके रिश्तेदार शिव कुमार उर्फ मेहमान को एसएसबी और बिहार एसटीएफ ने बीते दो अगस्त को नकली नोटों की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से ओएसएस सीरीज के 500 रुपये के 57 नकली नोट बरामद हुए थे। इसके अलावा 6एफके सीरीज के 100 रुपये के 110 जाली नोट भी जब्त किए गए थे। इस तरह कुल 167 नकली नोट बरामद हुए थे। फिलहाल मामले की जांच एनआईए कर रही है।

उच्च गुणवत्ता के कारण पहचानना मुश्किल

जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए नोट सामान्य नकली करेंसी की तुलना में बेहतर गुणवत्ता के हैं। यही वजह है कि इनकी पहचान करना मुश्किल बताया जा रहा है। पूछताछ में जानकारी मिली है कि नेपाल के तस्करों ने इन दोनों सीरीज के नकली नोट उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर खपाए हैं। आशंका है कि नेपाल सीमा के रास्ते लाई गई नकली करेंसी को स्थानीय खुदरा बाजारों में चलाया जा रहा है।


  • एनआईए ने बीते 15 सितंबर को इस तस्करी नेटवर्क के खिलाफ मधुबनी में छापेमारी भी की थी। एजेंसी अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नकली नोटों की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

    चरस तस्करी में भी इस्तेमाल हो रही नकली करेंसी

    जांच में यह बात भी सामने आई है कि नेपाल से आने वाले नकली नोटों का इस्तेमाल चरस के कारोबार में किया जा रहा है। नकली नोटों की तस्करी करने वाले गिरोह अब मादक पदार्थों की खेप भी नेपाल से उत्तर बिहार ला रहे हैं। हीरा महासेठ उर्फ चाची पर नकली करेंसी के साथ मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का भी आरोप है।

    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें ओएसएस सीरीज के 500 रुपये या 6एफके सीरीज के 100 रुपये के संदिग्ध नोट मिलते हैं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। एजेंसियां इन नोटों की पहचान और तस्करी नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाने में जुटी हैं।

    Share:

  • सरकार न बनने पर भी अगले साल तक PM बने रह सकते हैं नेतन्याहू, समझें इजरायल का सियासी समीकरण

    Fri Oct 30 , 2026
    नई दिल्ली. इजरायल (Israel) में चुनाव (Election) खत्म होने के बाद भी सत्ता को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. प्रधानमंत्री )PM) बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) का गठबंधन सबसे बड़े गुट के तौर पर उभरा है, लेकिन उसके पास सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं है. वहीं, विपक्षी नेता गादी आइजनकोट का गुट भी बहुमत […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved