
सीहोर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वर धाम परिसर के बाहर उस समय अचानक हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित वाहन सीधे सड़क किनारे लगी दुकानों में जा घुसा। इस भीषण हादसे में कुछ श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुबेरेश्वर धाम के सामने स्थित बाजार में सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल थी और श्रद्धालु पूजा सामग्री, अन्य सामान की खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान एक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सीधे दुकानों को रौंदते हुए अंदर तक घुस गया। वाहन की चपेट में आने से दुकानों के आगे लगा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहां मौजूद लोग हादसे की चपेट में आ गए।
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ एकत्र हो गई। आसपास मौजूद लोगों और श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत संभाला और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाने की व्यवस्था की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा स्थिति पर नियंत्रण पाया। वाहन के अनियंत्रित होने का मुख्य कारण तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही ? फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
इस मामले में एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि कुबरेश्वर धाम का वाहन है, जो पूजन सामग्री एकत्र करता है। पिकअप वाहन के चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाया जिसके कारण यह धाम के सामने स्थित दुकानों में घुस गया है, जिसमें चार लोग घायल है। एक व्यक्ति को ज्यादा फैक्चर आया है। वाहन चालक फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved