
नई दिल्ली। अक्टूबर (October) शुरू होने में अब सिर्फ पांच दिन बाकी हैं और 1 अक्टूबर से LPG उपभोक्ताओं (LPG Consumers) से जुड़ा एक अहम नियम लागू होने जा रहा है। नए नियम के तहत घरेलू गैस सिलेंडर (Domestic gas cylinder) पर सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा करना जरूरी होगा। तय समय तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर तो मिलेगा, लेकिन उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा और सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ सकता है।
सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए BAA जरूरी
सरकार ने LPG उपभोक्ताओं के लिए नए नियम को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। 1 अक्टूबर से रेग्युलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस पर लागू LPG सब्सिडी के साथ सिलेंडर रिफिल बुक कराने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना अनिवार्य होगा।
यदि कोई उपभोक्ता 1 अक्टूबर से पहले BAA पूरा नहीं करता है, तो उसका LPG सिलेंडर मिलना बंद नहीं होगा। हालांकि, नए नियम के तहत उसे सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ेगा और सरकारी सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।
जिनका ऑथेंटिकेशन हो चुका, उन्हें दोबारा जरूरत नहीं
जिन LPG उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें यह प्रक्रिया दोबारा कराने की जरूरत नहीं होगी।
सरकार के इस कदम का उद्देश्य सब्सिडी वाले LPG सिलेंडरों का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। साथ ही इससे घरेलू सब्सिडी वाले सिलेंडरों के व्यावसायिक और औद्योगिक इस्तेमाल को रोकने तथा डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शनों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 19 सितंबर तक देश के 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके थे।
सितंबर में करीब 210 रुपये की सब्सिडी
सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं को सरकारी सब्सिडी का लाभ मिल रहा है, उनके लिए BAA पूरा करना जरूरी हो जाता है।
घर बैठे भी कर सकते हैं BAA
– LPG उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करने के कई विकल्प उपलब्ध हैं।
– सिलेंडर की डिलीवरी के समय: घर पर LPG सिलेंडर पहुंचने के दौरान बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है।
– गैस डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर: उपभोक्ता अपने गैस डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
– मोबाइल ऐप से: घर बैठे सरकारी ऑयल कंपनियों के मोबाइल ऐप IndianOil ONE, HelloBPCL और HP PAY के जरिए भी बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
इसलिए जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक BAA पूरा नहीं किया है, उन्हें 1 अक्टूबर से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि LPG सिलेंडर पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का लाभ जारी रह सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved