
खंडवा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खंडवा जिले (Khandwa district) से सटे ग्राम नहालदा (Village Nahalda) में शुक्रवार देर शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन (Ganesh Idol Immersion) के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां अवैध गिट्टी खदान से बने करीब 40 फीट गहरे पानी के गड्ढे में प्रतिमा विसर्जन करने पहुंचे पांच युवक डूब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, जिसमें तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विश्वास पठत (17) और लक्ष्य पठत (16), पिता जय सिंग पठत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, होमगार्ड और ओंकारेश्वर से आई प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। जिला प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नहालदा ग्राम पंचायत जिला मुख्यालय से लगी हुई है। प्रशासन की ओर से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए एक चिन्हित स्थान पर व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद कुछ युवक दूसरे ऐसे तालाब में चले गए, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर विसर्जन के लिए नहीं किया जाता है। यह तालाब काफी गहरा था, जिसके कारण हादसा हो गया।
कलेक्टर ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ, होमगार्ड और ओंकारेश्वर से आई प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम शामिल रही। खंडवा विधायक ने भी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की, जबकि खंडवा एसडीएम मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को निकाल लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। शासन की ओर से आरबीसी 6-4 के तहत नियमानुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved