पटना। रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ (Rise and Fall) के पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) अपनी बेबाकी और खास अंदाज के कारण चर्चा में रहीं। शो में उन्होंने बॉडी शेमिंग और सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान तेज प्रताप यादव और शहजादा पूनवाला (Tej Pratap Yadav and Shehzad Poonawalla) के साथ उनकी मजेदार नोकझोंक भी देखने को मिली।
शो में स्वरा भास्कर ने डिजाइनर साड़ी के साथ ऐसा ब्लाउज पहना था, जिस पर ‘मोटी’ लिखा हुआ था। उनके इस अनोखे ब्लाउज ने सभी का ध्यान खींचा। स्वरा ने बताया कि डिलीवरी के बाद उनका वजन काफी बढ़ गया था। इसी वजह से उन्होंने आलोचकों और बॉडी शेम करने वालों को जवाब देने के लिए ‘मोटी’ टैगलाइन वाला ब्लाउज पहनने का फैसला किया।
शो में सभी कंटेस्टेंट बातचीत कर रहे थे, तभी तेज प्रताप यादव की नजर स्वरा के ब्लाउज पर पड़ी। उन्होंने स्वरा को देखकर कहा, ‘मोटी।’ इस पर मनीष कश्यप ने तेज प्रताप को टोकते हुए कहा कि वह ऐसा नहीं बोल सकते। हालांकि, स्वरा ने इस पर सहजता से जवाब दिया कि नहीं, सच बोल सकते हैं। इसके बाद तेज प्रताप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फिर सच नहीं बोलना है और हंसने लगे।
स्वरा और तेज प्रताप के बीच मजाक का सिलसिला यहीं नहीं रुका। बातचीत के दौरान स्वरा ने तेज प्रताप से कहा कि शो में कुछ हो या न हो, लेकिन उन्हें लालू यादव से जरूर मिलवाना है। तेज प्रताप ने भी उनसे वादा किया कि वह उन्हें लालू यादव से मिलवाएंगे।
इसके बाद तेज प्रताप अन्य प्रतिभागियों के साथ ‘जय सनातन’ और ‘राधे-राधे’ के नारे लगाते नजर आए। शो से जुड़ी स्वरा और तेज प्रताप की यह क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
पहले एपिसोड में स्वरा भास्कर और शहजादा पूनवाला के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दोनों के बीच हुई बातचीत और तेज प्रताप के साथ स्वरा की मस्ती को लेकर प्रतिक्रियाएं दीं। शो के शुरुआती एपिसोड में स्वरा का बेबाक अंदाज और कंटेस्टेंट्स के बीच की बातचीत दर्शकों का ध्यान खींचती नजर आई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved