
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) भाजपा (BJP) के नए प्रभारी बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) और सह प्रभारी रेखा वर्मा (Rekha Verma) दो दिन भोपाल में रहकर संगठन की गतिविधियों की जानकारी लेंगे। दोनों नेताओं का दौरा केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा। वे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से भी संवाद करेंगे। इसके बाद प्रदेश कोर ग्रुप और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। बिप्लब देब 30 सितंबर को सुबह बूढ़े हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद बूथ स्तर के कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। इसके बाद पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात का कार्यक्रम है। दोपहर बाद वे बूथ अध्यक्ष के घर चाय पर पहुंचेंगे। शाम को प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे।
सह प्रभारी भी बूथ पदाधिकारियों से करेंगी मुलाकात
प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा भी 30 सितंबर को प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वे अरेरा कॉलोनी में बूथ की पदाधिकारी के घर भोजन करेंगी। शाम को कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगी।
एक अक्टूबर को संगठन की बैठक
दोनों प्रभारी एक अक्टूबर को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। संगठन स्तर की इस बैठक में प्रदेश में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी।
बूथ स्तर पर पहुंचने का संदेश
देब और वर्मा के कार्यक्रम में बूथ कार्यकर्ताओं के घर भोजन और मुलाकात को खास महत्व दिया गया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी के दौरे में वरिष्ठ नेताओं के साथ सीधे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद का कार्यक्रम भी रखा गया है। इससे संगठन में जमीनी स्तर की गतिविधियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद पर जोर का संकेत मिलता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved