
उज्जैन। पिछले एक साल से बंद बड़ी उमंग किशोर हेल्पलाइन-14425 अब फिर शुरू होने जा रही है। इससे मानसिक तनाव से जूझ रहे युवा बिना झिझक अपनी परेशानी काउंसलर को बता सकेंगे। उल्लेखनीय है कि उमंग किशोर हेल्पलाइन के पिछले संचालन के दौरान वर्ष 2020 से 2025 तक प्रदेशभर से 4.25 लाख से अधिक कॉल प्राप्त हुई थीं। इनमें गंभीर मानसिक संकट से जुड़े 153 मामले भी शामिल थे।
दो शिफ्ट में काम करने वाली 12 काउंसलर्स की टीम ने ऐसे मामलों में तत्काल काउंसलिंग कर युवाओं को मदद पहुंचाई थी। अब दोबारा शुरू होने वाली हेल्पलाइन को प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सुरक्षित संवाद का माध्यम बनाने की तैयारी है। नई व्यवस्था में समर्पित काउंसलिंग टीम टेलीफोन के जरिए किशोरों और युवाओं को मानसिक, शैक्षणिक, व्यक्तिगत और भावनात्मक समस्याओं पर नि:शुल्क और गोपनीय परामर्श देगी। स्कूल शिक्षा विभाग और संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (हृस्नक्क्र) की संयुक्त पहल उमंग किशोर हेल्पलाइन 2.0 के संचालन के लिए एग्रीमेंट प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। योजना का उद्देश्य युवाओं को बिना झिझक अपनी समस्याएं साझा करने के लिए सुरक्षित मंच देना और भावनात्मक कल्याण से जुड़े विषयों पर समय पर सहायता उपलब्ध कराना है।
24 घंटे चालू रहेगा हेल्पलाइन नंबर..
हेल्पलाइन पर 26 विषयों से संबंधित समस्याओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इनमें पढ़ाई और करियर, परीक्षा का तनाव, मानसिक स्वास्थ्य, घबराहट, अकेलापन, भावनात्मक समस्याएं, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलाव, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य और जीवन कौशल शामिल हैं। इसके अलावा बुलिंग, भेदभाव, व्यक्तिगत सुरक्षा जैसी समस्याओं पर भी काउंसलर चौबीसों घंटे युवाओं की बात सुनेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved