img-fluid

कालिदास साहित्य में आज के जीवन की चुनौतियों का समाधान

November 23, 2026

  • हजारों साल पहले ही रचनाओं में समेट दिए थे जीवन कौशल के सूत्र, राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में विद्वानों ने रखे विचार- संस्कृत पर जारी डाक टिकटों की प्रदर्शनी भी लगी

उज्जैन। महाकवि कालिदास का साहित्य केवल काव्य और सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आधुनिक जीवन की चुनौतियों से निपटने के सूत्र भी मौजूद हैं। निर्णय लेने, समस्या का समाधान खोजने, तनाव से निपटने और बेहतर संवाद जैसे जीवन कौशल का उल्लेख कालिदास ने अपनी रचनाओं में हजारों साल पहले ही कर दिया था। रविवार को 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में विद्वानों ने कालिदास के साहित्य की इसी वैश्विक प्रासंगिकता पर विचार रखे। वैश्विक परिवेश में कालिदास विषय पर आयोजित संगोष्ठी के पहले सत्र में गुजरात के पोरबंदर से आए डॉ. स्नेहल जोशी ने मेघदूत के संदर्भ में संबोधनों की काव्यात्मक विशेषताओं को समझाया।



  • उन्होंने कहा कि कालिदास की कविता आत्मा की कला है, जिसमें उदात्त दर्शन के दर्शन होते हैं। मेघदूत में यक्ष ने बादल के लिए 27 अलग-अलग काव्यात्मक और सौम्य संबोधनों का प्रयोग किया है। इनमें प्रेम, विनय और भावनाओं की सुंदर अभिव्यक्ति दिखाई देती है। छत्तीसगढ़ के रायपुर से आईं डॉ. दिव्या देशपांडे ने कालिदास के साहित्य में जीवन कौशल की चर्चा की। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 1997 में जीवन को बेहतर बनाने के लिए 10 प्रमुख कौशल बताए थे। इनमें निर्णय लेने, समस्या सुलझाने, रचनात्मक सोच, सही-गलत का विश्लेषण, प्रभावी संवाद, समानुभूति तथा भावनाओं और तनाव को नियंत्रित करने की क्षमता शामिल है। खास बात यह है कि ये सभी गुण कालिदास की रचनाओं में पहले से दिखाई देते हैं। रघुवंशम्, कुमारसंभवम्, मेघदूतम् और अभिज्ञानशाकुन्तलम् में उन्होंने इन जीवन मूल्यों को सहज रूप से प्रस्तुत किया है। सत्र की अध्यक्षता कर रहीं प्रो. अजिता त्रिवेदी ने कहा कि कालिदास के साहित्य में ऐसा शाश्वत तत्व है, जो समय और स्थान की सीमाओं से परे हर पीढ़ी के पाठकों को प्रभावित करता है। संगोष्ठी के निदेशक डॉ. गोविन्द दत्तात्रेय गन्धे के स्वागत संबोधन से सत्र शुरू हुआ। संचालन डॉ. महेन्द्र पण्ड्या ने किया। अंत में समन्वयक डॉ. पूजा उपाध्याय ने आभार माना।

    आज शोध सत्र, व्याख्यान और नाटक होंगे
    कालिदास समारोह में सोमवार को सुबह 10 बजे राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का दूसरा सत्र होगा। इसकी अध्यक्षता महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. शिवशंकर मिश्र करेंगे। शाम 4.30 बजे पद्मश्री वि. वाकणकर स्मृति व्याख्यान होगा। इसमें जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. हरिराम मिश्र मुख्य अतिथि और प्रो. अरुण रंजन मिश्र मुख्य वक्ता रहेंगे। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रो. शैलेन्द्र कुमार पाराशर विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बंदना फिल्म्स एंड इंटरटेनमेंट की ओर से श्री बिन्दु दारा सिंह द्वारा प्रस्तुत महाकाल द प्ले का मंचन किया जाएगा।

    संस्कृत और भारतीय संस्कृति पर जारी डाक टिकट दिखाए
    संगोष्ठी के साथ महाकवि कालिदास और संस्कृत विषय पर जारी डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगाई गई। भोपाल के डीआर मंडल ने इसका संयोजन किया। प्रदर्शनी में 1959 से 2024 तक जारी कई महत्वपूर्ण डाक टिकट और पोस्टकार्ड प्रदर्शित किए गए। इनमें शकुन्तला, मेघदूत, वंदे मातरम्, सम्राट विक्रमादित्य, अहिंसा परमो धर्म:, वसुधैव कुटुंबकम्, सर्वे भवन्तु सुखिन: और सत्यमेव जयते जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा वेद-पुराण, चाणक्य, चंद्रगुप्त, अर्थशास्त्र तथा मंडन मिश्र-शंकराचार्य शास्त्रार्थ पर जारी डाक टिकट भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved