
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के देहात थाना क्षेत्र के भगतनगर कॉलोनी में देवी पंडाल के पास मोबाइल पर गाने बजाने को लेकर उपजे मामूली विवाद ने एक शख्स की जान ले ली। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने अपने ही पड़ोसी पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार की देर रात भगतनगर कॉलोनी स्थित एक देवी पंडाल में मोबाइल पर गाने बजाने को लेकर मृतक राजेंद्र बंशकार और उसके पड़ोसी आरोपी कैलाश अहिरवार के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद तू-तू मैं-मैं से बढ़ता हुआ हाथापाई तक पहुंच गया।
विवाद के दौरान आरोपी कैलाश अहिरवार गुस्से में अपने घर चला गया और वहां से एक धारदार तलवार लेकर वापस लौट आया। उसने आव देखा न ताव और राजेंद्र बंशकार पर तलवार से हमला कर दिया। इस घातक हमले में राजेंद्र के सिर, पीठ और हाथ पर गंभीर चोटें आईं है।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल राजेंद्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक और आरोपी दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। इस पूरे मामले में देहात थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी कैलाश अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved