img-fluid

भारत घूमने आया कपल, ऑटो खरीदकर 75 दिन किया सफर, ऐसा भाया कि जहाज पर लादकर साथ ले गए ब्रिटेन

October 25, 2026

नई दिल्ली। भारत (India) घूमने आने वाले विदेशी पर्यटक (Foreign tourists) आमतौर पर टैक्सी, बस या किराये की कार से सफर करते हैं. लेकिन ब्रिटेन (Britain) के हेलेन और मिक (Helen and Mick) ने अपना रास्ता खुद चुना. उन्होंने चेन्नई में एक लाल रंग का ऑटो रिक्शा खरीदा और उसे नाम दिया ‘टिम्मी द टिन कैन’।

ऑटो का लुक भी काफी दिलचस्प है. उसके आगे कार्टून जैसी आंखें और मुस्कुराता हुआ चेहरा बना है. यह ऑटो तमिलनाडु के चेन्नई में रजिस्टर्ड है. ब्रिटिश कपल हेलेन और मिक के लिए धीरे-धीरे यह सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं रहा, बल्कि उनके सफर का सबसे खास साथी बन गया. जब वे भारत की यात्रा खत्म कर यूके (UK) पहुंचे, तो अपने साथ ऑटो को भी पानी के जहाज से लेकर चले गए।


  • ऑटो से घूमे, सोशल मीडिया पर भी शेयर किया सफर
    हेलेन और मिक ने अपने इस लाल ऑटो के नाम से इंस्टाग्राम पर ‘timmy_the_tin_can’ अकाउंट बनाया. यहां वे सफर के वीडियो और तस्वीरें शेयर करने लगे. देखते ही देखते लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ने लगी. कपल के इस अकाउंट पर नौ हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उनकी पोस्ट में कहीं सड़क पर दौड़ता टिम्मी नजर आता है, तो कहीं उसके साथ बिताए खास पलों की झलक मिलती है. भारत की सड़कों पर इस तरह ऑटो से घूमना उनके लिए एक अलग अनुभव रहा।

    राजस्थान से गोवा तक तय किया लंबा रास्ता
    कपल ने अपने ऑटो से भारत के अलग-अलग हिस्सों की सैर की. उनके सफर में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दक्षिण भारत की कई जगहें शामिल रहीं. वे आगरा पहुंचे और ताजमहल भी देखा. इसके अलावा गोवा के बीच तक भी अपने ऑटो से गए. इस दौरान उन्होंने करीब 4,218 किलोमीटर की दूरी तय की. पूरे सफर में टिम्मी उनके साथ रहा. कभी शहरों की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर, तो कभी लंबे रास्तों पर चलता यह ऑटो उनकी यात्रा की पहचान बन गया।

    भारत छोड़ते वक्त टिम्मी को अलविदा कहना मुश्किल
    किसी जगह घूमने के दौरान वहां की यादें साथ रह जाती हैं, लेकिन हेलेन और मिक के लिए भारत की यादों के साथ एक ऑटो भी जुड़ गया. कई हफ्तों तक साथ सफर करने के बाद टिम्मी उनके लिए महज एक गाड़ी नहीं रहा था. जब वापस ब्रिटेन जाने का वक्त आया, तो उसे भारत में छोड़कर जाना आसान नहीं लगा. ऐसे में कपल ने उसे अपने साथ यूके ले जाने का फैसला किया. इसके बाद ऑटो को समुद्री रास्ते से भेजने की तैयारी की गई।

    लकड़ी के बड़े क्रेट में पैक होकर पहुंचा लंदन
    टिम्मी को भारत से ब्रिटेन पहुंचाने के लिए समुद्री माल ढुलाई का सहारा लिया गया. करीब छह महीने की शिपिंग के बाद 23 अक्टूबर 2026 को ऑटो लंदन गेटवे पोर्ट पहुंचा. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कपल लकड़ी के बड़े क्रेट से अपने लाल ऑटो को बाहर निकालते दिखाई देता है. इतने लंबे इंतजार के बाद टिम्मी को दोबारा सामने देखकर उनकी खुशी साफ झलकती है. अब यही वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है।

    सीजन वन खत्म, अब ब्रिटेन की बारी
    कपल ने अपने पोस्ट में भारत के सफर को याद करते हुए बताया कि उनके लिए यह अनुभव काफी भावुक रहा. उन्होंने 75 दिनों में 4,218 किलोमीटर की यात्रा पूरी की और ऐसी यादें बनाईं, जिन्हें वे कभी नहीं भूलना चाहते. उनके मुताबिक, टिम्मी ने उनकी जिंदगी को एक अलग अनुभव दिया. अब उन्होंने अपने सफर के अगले हिस्से का इशारा भी कर दिया है. भारत में टिम्मी के साथ उनकी कहानी का पहला हिस्सा पूरा हो चुका है, जबकि अगला सफर ब्रिटेन में शुरू होने वाला है।

    एक ऑटो, हजारों किलोमीटर और ढेर सारी यादें
    हेलेन और मिक की कहानी में खास बात सिर्फ यह नहीं है कि उन्होंने भारत में ऑटो खरीदा और उसे विदेश ले गए. असल बात यह है कि सफर के दौरान एक साधारण-सा वाहन उनकी यात्रा का अहम हिस्सा बन गया. भारत की सड़कों पर बिताए दिन, अलग-अलग शहरों की झलक और रास्ते में बने अनुभव अब उनके साथ यूके तक पहुंच गए हैं. टिम्मी को अपने साथ ले जाकर कपल ने इन यादों को भी अपने पास रखने का इंतजाम कर लिया. अब सोशल मीडिया पर लोग उनके अगले सफर का इंतजार कर रहे हैं. देखना दिलचस्प होगा कि भारत में हजारों किलोमीटर घूम चुका यह लाल ऑटो ब्रिटेन की सड़कों पर कैसी कहानी लिखता है।

    Share:

  • ग्वालियर में नाबालिग छात्रा पर चाकू से हमला, धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप; दो गिरफ्तार

    Sun Oct 25 , 2026
    ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में धर्म परिवर्तन (Religion change) के लिए दबाव बनाने और कथित तौर पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल (Obscene photos ,videos go viral) करने की धमकी देने के मामले में एक नाबालिग छात्रा पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के गुड़ा इलाके की […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved