
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बैठक में संगठनात्मक, राजनीतिक और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिताजी के विरुद्ध कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी की कोर कमेटी ने घोर निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया है। बैठक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान, भगवान बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रमों, राज्यसभा उम्मीदवार के चयन, केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रदेश सरकार के तीन वर्ष की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिताजी पर की गई अशोभनीय एवं अपमानजनक टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। इस तरह की टिप्पणी राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है।
तीन बड़े शहरों में होंगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की रैलियां
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति और उसके रवैये के विरोध में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रदेश में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में बड़ी रैलियां आयोजित होंगी, जिनमें लगभग एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राज्यसभा की रिक्त हुई एक सीट के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर कोर कमेटी की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश और प्रदेश के बाहर के संभावित उम्मीदवारों सहित चार-पांच नामों पर विचार-विमर्श किया गया। इन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजने पर सहमति बनी है। उम्मीदवार के संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
केंद्र की योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता तक पहुंचाने बनेगी प्रभावी कार्ययोजना
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का मध्यप्रदेश को अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रभावी समन्वय के साथ काम किया जाएगा। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के मंत्रियों के नेतृत्व में टीम बनाकर केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन को गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय के साथ एक-एक सांसद को जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। इससे राज्य के मंत्री, सांसद और संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम कर सकेंगे और केंद्र की योजनाओं का अधिकतम लाभ मध्यप्रदेश की जनता तक पहुंचाया जा सकेगा।
भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और विचारों को जन-जन तक पहुचाएंगे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी बैठक में चर्चा की गई। जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी कार्यों और विभिन्न विभागों के कामकाज को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर चर्चा हुई। मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के कार्यों एवं उपलब्धियों को भी सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि सरकार के कार्यों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की जानकारी आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विषय पर भी चर्चा की गई। कोर कमेटी की बैठक में इन सभी विषयों पर विचार-विमर्श कर आगे की कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved