
कीव। यूक्रेन (Ukraine) के निप्रो रेलवे स्टेशन (Railway Station) पर गुरुवार सुबह रूस द्वारा किए गए घातक ड्रोन हमले में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। यह हमला स्टेशन के उस प्लेटफॉर्म पर हुआ, जहां एक ट्रेन खड़ी थी।
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन पर हमला
यूक्रेनी रेलवे ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट जारी करते हुए बताया कि हमला अत्यधुनिक जेट पावर्ड ड्रोन के जरिए किया गया। जेट ड्रोन ने स्टेशन के उस प्लेटफॉर्म को निशाना बनाया, जहां ट्रेन नंबर 866 (निप्रो-जापोरिजिया) खड़ी थी।’ अधिकारियों के मुताबिक इलाकों में हाई अलर्ट जारी होने के बाद भी प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिसके चलते घायलों और मृतकों की संख्या बढ़ गई। निप्रो के मेयर बोरिस फिलाटोव ने इसे शहर के लिए बड़ी त्रासदी बताते हुए कहा कि रूसी ड्रोन ने जानबूझकर आम नागरिकों की इलेक्ट्रिक पैसेंजर ट्रेन को निशाना बनाया है।
जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की मांग की
इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस के खिलाफ कड़े कदम उठाने की अपील की। सोशल साइट X पर जेलेंस्की ने लिखा, ‘रूस ने तनाव कम करने के बजाय, कुछ रूसी उद्योगपतियों और ऊर्जा क्षेत्र से प्रतिबंध हटाए जाने के बाद से हमारे लोगों पर कितने आतंकवादी हमले किए हैं?’
परिवहन नेटवर्क पर रूस के बढ़ते हमले
यूक्रेन के सरकारी रेल ऑपरेटर के अनुसार, पिछले महीने रविवार को यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास एक रूसी ड्रोन ने एक ट्रेन पर हमला किया था। यह घटना तब हुई, जब ब्रिटेन और स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्रियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी वहां से गुजरे थे। रूस के नए जेट-पावर्ड ड्रोन, जिन्हें मार गिराना मुश्किल होता है, शॉपिंग सेंटर, पेट्रोल पंप, पावर प्लांट और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं। रेलवे भी इससे अछूता नहीं है। यह हमला यूक्रेन के महत्वपूर्ण परिवहन बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के रूस के बढ़ते अभियान को दर्शाता है। यूक्रेन के सरकारी रेल ऑपरेटर ने बताया कि अकेले 2026 में रूस ने 1700 से अधिक रेल सुविधाओं पर हमला किया है, जिनमें स्टेशन, इंजन और यात्री डिब्बे शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved