
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के नर्मदापुरम (Narmadapuram) जिले के पचमढ़ी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां आर्मी एजुकेशन सेंटर के खेल मैदान पर अभ्यास कर रहे 26 वर्षीय एक सैन्य जवान पर जंगली बायसन ने अचानक पीछे से हमला कर दिया। इस हमले में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिनकी बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के असिस्टेंट डायरेक्टर संजीव शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवान आकाश चौहान की मौत बायसन के हमले के कारण हुई है। जानकारी के अनुसार, हमलावर बायसन ने अभ्यास के दौरान पीछे से आकर जवान के पेट में सींग मार दिया था, जिससे उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें बेहद गंभीर हालत में मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
थाना प्रभारी गोपाल घासले ने भी जवान की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक आकाश चौहान 17वीं कमांड रेजिमेंट से संबंधित थे और पचमढ़ी में दो साल के चीनी भाषा प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के लिए आए हुए थे। वे मूल रूप से देहरादून के पास पानागढ़ देहरा के रहने वाले थे।
पुलिस और प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। पचमढ़ी के रहवासियों का कहना है कि पिछले दो दिनों से खालसा होटल के पास पटेल रोड और आसपास के रिहायशी इलाकों में आधा दर्जन से ज्यादा जंगली बायसन रात के समय घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके कारण सुरक्षा और सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved