
न्यूयॉर्क। अमेरिकी (US) राजनीति (Politics) इस वक्त एक बेहद अहम और रोमांचक मोड़ पर है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) के दूसरे कार्यकाल के कामकाज पर मुहर लगाने वाले मध्यावधि चुनाव ( Midterm Elections) में तीन दिन बाकी हैं। हालिया आंकड़े और ओपिनियन पोल बताते हैं कि व्हाइट हाउस और रिपब्लिकन पार्टी के लिए यह चुनाव किसी बड़ी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की वजह से आर्थिक संकट में फंसा अमेरिका नीली लहर (डेमोक्रेट्स) पर सवार दिखाई दे रहा है। अर्ली वोटिंग जारी है जिसमें अब तक करीब 4.30 करोड़ लोगों ने वोट किया है। हालिया सर्वे के अनुसार अब तक डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को 52% से 53% तक समर्थन मिल रहा है, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार 44% के आसपास चल रहे हैं। डेमोक्रेट्स को लेकर उम्मीदें अपने चरम पर हैं।
वहीं, अपनी पार्टी को पिछड़ता देख ट्रंप ने अपनी कई रैलियां रद्द कर दीं और अचानक प्रचार की नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने नए सिरे से वोटरों का मन पढ़ने के लिए कवायद शुरू की है। फिलहाल, ताजा आंकड़ों और जनभावना के लिहाज से डेमोक्रेट्स राष्ट्रीय स्तर पर बढ़त पर हैं, जबकि ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को अपने गढ़ों को बचाने के लिए रक्षात्मक मुद्रा में संघर्ष करना पड़ रहा है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस सप्ताह के अंत में आयोवा और कंसास में रैलियों को रद्द कर दिया है, क्योंकि वहां जनमत सर्वेक्षणों में कड़े मुकाबले दिखाई दे रहे हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप की स्थिति
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता काफी दबाव में नजर आ रही है। हालिया ‘रॉयटर/इप्सोस’ और अन्य प्रतिष्ठित पोल्स के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग गिरकर 32 फीसदी के आसपास बनी हुई है, जो उनके दूसरे कार्यकाल के सबसे निचले स्तरों में से एक है।
महंगाई और अर्थव्यवस्था की मार
मतदाताओं के बीच इस बार सबसे बड़ा मुद्दा बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन का खर्च है। हालिया सैन्य और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के कारण ईंधन के दामों में आए उछाल ने आम जनता की नाराजगी को और बढ़ा दिया है। अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी डेमोक्रेट्स बढ़त बनाते दिख रहे हैं, जहां मतदाता रिपब्लिकन के मुकाबले आर्थिक नीतियों पर डेमोक्रेटिक रुख को तरजीह देते नजर आ रहे हैं।
प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स आगे
अमेरिकी संसद के निचले सदन यानी प्रतिनिधि सभा (जहां सभी 435 सीटों पर चुनाव है) में डेमोक्रेटिक पार्टी का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
जेनेरिक बैलट पोल : राष्ट्रीय स्तर पर हुए जनमत सर्वेक्षणों में डेमोक्रेट्स को रिपब्लिकन्स पर स्पष्ट बढ़त हासिल है। संभावित मतदाताओं के बीच डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को 52% से 53% तक समर्थन मिल रहा है, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार 44% के आसपास चल रहे हैं।
सीनेट में कांटे की टक्कर और चुनौती
संसद के उच्च सदन यानी सीनेट की लड़ाई बेहद दिलचस्प और पेचीदा है। यहां रिपब्लिकन पार्टी के पास फिलहाल मामूली बढ़त है, लेकिन डेमोक्रेट्स सेंध लगाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं।
कड़े मुकाबले वाले राज्य : सीनेट की बाजी पलटने के लिए डेमोक्रेट्स को कुछ ऐसे मजबूत रिपब्लिकन गढ़ों (जैसे टेक्सास, ओहियो, कंसास या अलास्का) में जीत हासिल करनी होगी, जहां ट्रंप की पार्टी का पारंपरिक रूप से दबदबा रहा है। हालांकि रिपब्लिकन भी सीटें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved