
- ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को स्कूल आने-जाने में मिलेगी सुविधा
जबलपुर। भारतीय स्टेट बैंक की शाहपुरा-भिटौनी शाखा ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की है। बैंक की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत 10 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे। साइकिल वितरण कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा के परिसर में आयोजित किया गया। इसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा की पांच, हाईस्कूल मगरमुहा की चार तथा हाईस्कूल भीटा के एक विद्यार्थी को साइकिल प्रदान की गई। एसबीआई शाहपुरा शाखा के मुख्य प्रबंधक यज्ञदत्त वर्मा ने छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान शाखा के क्षेत्राधिकारी सौरभ विश्वकर्मा सहित बैंक के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय के प्राचार्य राकेश नेवरिया, नंदकिशोर तंतुवाय एवं शिक्षकगण भी उपस्थित थे। मुख्य प्रबंधक यज्ञदत्त वर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देना और उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का आवागमन आसान होगा और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित होंगी। वहीं विद्यालय के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने बैंक की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास ग्रामीण अंचल की बेटियों को आगे की शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।