
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता को धमकी भरा मैसेज भेजने वाले आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाले फिल्मी सितारों को अलग-अलग तरीकों से धमका रहा था। इस मामले में अभिनेता तुषार कपूर का नाम भी सामने आया है, जिन्हें भी धमकी भरा मैसेज भेजा गया था।
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने आयुष्मान खुराना के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी धमकी भरे मैसेज भेजे थे। जांच में सामने आया है कि वह पिछले कुछ दिनों से फिल्मी सितारों को निशाना बना रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने किन-किन लोगों को धमकियां दी थीं और इसके पीछे उसका मकसद क्या था।
इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि आरोपी वैभव मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। दरअसल आयुष्मान खुराना को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो क्लिप में मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया था। ऑडियो में अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग भी की गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका बिश्नोई गैंग से कोई कनेक्शन नहीं मिला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved