
पटना। बिहार के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार सरकार ने दिवाली और छठ महापर्व से पहले सरकारी कर्मचारियों को लंबित वेतन का भुगतान करने की तैयारी तेज कर दी है। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि त्योहारों से पहले कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी कर्मचारी को वेतन मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विभागों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ डिजिटल माध्यम से हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, गृह तथा राजस्व एवं भूमि सुधार समेत कई विभागों में वेतन भुगतान में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों और जिलाधिकारियों को लंबित वेतन का भुगतान जल्द सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए विभागों से जरूरत पड़ने पर शनिवार को भी कार्यालय खुले रखने को कहा गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved