img-fluid

ट्रंप के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पर महाभियोग की तलवार, ईरान युद्ध को लेकर लगे गंभीर आरोप

November 10, 2026

वाशिंगटन। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ईरान (Iran) के खिलाफ कांग्रेस की मंजूरी के बिना युद्ध छेड़ने और अपने अधिकारों के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया गया है। अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में इसी सप्ताह प्रस्ताव पर मतदान होने की संभावना है। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हेगसेथ का खुलकर बचाव किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि महाभियोग प्रस्ताव पारित होने की स्थिति में भी वह रक्षा मंत्री के साथ खड़े रहेंगे।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, केंटकी से रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने सोमवार (9 नवंबर) को हेगसेथ के खिलाफ आठ आरोपों वाला महाभियोग प्रस्ताव पेश किया। इसमें कांग्रेस की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने और अधिकारों के दुरुपयोग सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रस्ताव पेश होने के बाद अगले दो दिनों में प्रतिनिधि सभा में इस पर मतदान की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

थॉमस मैसी ने पत्रकारों से बातचीत में आशंका जताई कि रिपब्लिकन नेतृत्व प्रक्रियागत प्रस्ताव के जरिए महाभियोग पर सीधे मतदान से बचने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने कहा कि आठों आरोपों पर सदन में गंभीर बहस होनी चाहिए और सांसदों को अपना मत रखने का अवसर मिलना चाहिए।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा में महाभियोग प्रस्ताव को पारित कराने के लिए पर्याप्त समर्थन मिल सकता है। फिलहाल सदन में रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण है, जबकि तीन जनवरी से डेमोक्रेटिक पार्टी के बहुमत संभालने की बात कही गई है।



  • हालांकि, प्रतिनिधि सभा से प्रस्ताव पारित होने के बावजूद हेगसेथ को पद से हटाना आसान नहीं होगा। इसके लिए सीनेट में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। 100 सदस्यीय सीनेट में फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी के 53 सदस्य हैं।

    ट्रंप ने किया हेगसेथ का बचाव, मैसी पर साधा निशाना

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में रक्षा मंत्री का बचाव किया। ईरान और वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हेगसेथ के नेतृत्व में अमेरिका ने दो युद्ध जीते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ महाभियोग चलाने का कोई औचित्य नहीं है।

    व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने दोहराया कि महाभियोग प्रस्ताव पारित होने पर भी वह हेगसेथ का समर्थन करेंगे। उन्होंने प्रस्ताव पेश करने वाले रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी को ‘स्टोन-कोल्ड लूजर’ बताते हुए उन पर तीखा हमला बोला।

    ट्रंप ने दावा किया कि हेगसेथ के नेतृत्व में अमेरिकी सेना में भर्ती का आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है और अमेरिका ने ईरान तथा वेनेजुएला में बड़ी सैन्य सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने कांग्रेस के सदस्यों से रक्षा मंत्री के समर्थन में खड़े होने की अपील भी की।

    हाउस स्पीकर ने भी किया महाभियोग का विरोध

    प्रतिनिधि सभा के स्पीकर माइक जॉनसन ने भी हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग की कोशिश का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि विदेशों में सैन्य संघर्ष जारी रहने के दौरान रक्षा मंत्री के खिलाफ ऐसी कार्रवाई से अमेरिका के सहयोगियों और विरोधियों, दोनों के बीच गलत संदेश जा सकता है।

    दोहराया जा सकता है 150 साल पुराना इतिहास

    अमेरिकी इतिहास में रक्षा विभाग के किसी नागरिक प्रमुख के खिलाफ महाभियोग की कार्रवाई बेहद दुर्लभ रही है। वर्ष 1876 में तत्कालीन युद्ध मंत्री विलियम बेल्कनैप महाभियोग का सामना करने वाले पहले और अब तक के एकमात्र अमेरिकी सैन्य विभाग के नागरिक प्रमुख बने थे।

    दिलचस्प बात यह है कि पीट हेगसेथ स्वयं को ‘सेक्रेटरी ऑफ वॉर’ यानी युद्ध मंत्री कहना पसंद करते हैं। पिछले वर्ष पदभार संभालने के बाद से उन्होंने अमेरिकी सेना की छवि और कार्यशैली में बदलाव पर जोर दिया है। अब यदि प्रतिनिधि सभा उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित करती है, तो उनका नाम भी अमेरिकी इतिहास की इस दुर्लभ सूची में शामिल हो जाएगा।

    Share:

  • कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का विवादित बयान, बोले-'दिवाली एक मानव जनित रोग है...'

    Tue Nov 10 , 2026
    नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में बढ़ते वायु प्रदूषण (Air pollution) के बीच कांग्रेस सांसद (Congress MP) इमरान मसूद (Imran Masood) का दिवाली को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है. सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, ‘दिवाली हो या प्रदूषण, मानव जनित रोग है.’ (‘Diwali is a man-made disease…’) उन्होंने कहा कि प्रदूषण […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved