
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के भाई बाबुन बनर्जी (Babun Banerjee) ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Chief Minister Suvendu Adhikari) के प्रति अपना राजनीतिक समर्थन खुलकर जाहिर किया है। मंगलवार को कोलकाता के कालीघाट में बाबुन की ओर से आयोजित काली पूजा में शुभेंदु अधिकारी पहुंचे तो उन्होंने पैर छूकर उनका स्वागत किया। उन्हें माला पहनाई और अपने क्लब की ओर से कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया। मुलाकात के बाद बाबुन ने कहा कि वह कई वर्षों से शुभेंदु के साथ हैं और जीवनभर उनका साथ देते रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि शुभेंदु उन्हें बुलाते हैं तो वह भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
दरअसल, शुभेंदु अधिकारी बाबुन बनर्जी की ओर से आयोजित काली पूजा और रक्तदान शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। बाबुन शाम से ही उनके आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी से उतरे, बाबुन आगे बढ़े और उनके पैर छूकर माला पहनाई। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। शुभेंदु ने मां काली के दर्शन किए और आरती में हिस्सा लिया।
बाबुन बोले- हमारे लिए खुशी का दिन
शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद बाबुन ने कहा कि मुख्यमंत्री का उनके कार्यक्रम में पहुंचना पूरे क्लब के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा, “शुभेंदु अधिकारी मेरी काली पूजा और ब्लड डोनेशन कैंप में आए। आज मुख्यमंत्री हमारे यहां पहुंचे। अपने क्लब की ओर से मैं उनका धन्यवाद करता हूं और उनका अभिवादन करता हूं। यह हमारे लिए बहुत खुशी का दिन है।”
बाबुन ने शुभेंदु के साथ अपने पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं कई साल से शुभेंदु अधिकारी के साथ हूं। आज भी उनके साथ हूं और पूरी जिंदगी उनके साथ रहूंगा। उन्होंने नंदीग्राम में बहुत अच्छा काम किया है। यह देखकर मुझे खुशी होती है। मैं चाहता हूं कि शुभेंदु अधिकारी आगे बढ़ें। हम उनके साथ हैं।”
शुभेंदु बुलाएंगे तो भाजपा में हो जाऊंगा शामिल
बाबुन बनर्जी ने भाजपा में शामिल होने की इच्छा भी जाहिर की। आजतक बांग्ला को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि क्या शुभेंदु अधिकारी के बुलाने पर वह भाजपा में जाएंगे? इस पर उन्होंने कहा कि हां, यदि मुख्यमंत्री बुलाते हैं तो वह भाजपा में शामिल होना चाहते हैं।
बाबुन ने दावा किया कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव के समय से ही शुभेंदु अधिकारी के साथ हैं और लंबे समय से उनके संपर्क में हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले छह महीने में शुभेंदु ने जो काम किया है, वह रिकॉर्ड है। उनके मुताबिक, किसी दूसरे मुख्यमंत्री ने ऐसा काम नहीं किया।
ममता बनर्जी से पहले ही बिगड़ चुके हैं रिश्ते
बाबुन बनर्जी और ममता बनर्जी के बीच रिश्तों में खटास पहले ही सार्वजनिक हो चुकी है। मई 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद बाबुन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधा था। उन्होंने चुनाव में हार के लिए पार्टी के कुछ नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था। साथ ही कहा था कि उनकी बहन उन्हें काफी पहले ही अपने से अलग कर चुकी हैं।
बाबुन ने यह आरोप भी लगाया था कि ममता बनर्जी के कार्यकाल में उन्हें जानबूझकर कई समितियों से हटा दिया गया। इनमें हॉकी और टेबल टेनिस से जुड़ी समितियां शामिल थीं। उनका कहना था कि उन्हें लंबे समय से अलग-थलग रखा गया।
बाबुन ने बताया कि शुभेंदु अधिकारी ने उनके कार्यक्रम में आने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा किया। इससे वह काफी खुश हैं। कार्यक्रम के दौरान बाबुन की बेटी ने शुभेंदु को भगवान जगन्नाथ की तस्वीर भेंट की, जबकि उनके दामाद ने मां काली की तस्वीर दी।
काली पूजा के इस आयोजन में बाबुन ने शुभेंदु अधिकारी का स्वागत करने के साथ उनके प्रति अपना राजनीतिक समर्थन भी जाहिर किया। भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताते हुए उन्होंने साफ किया कि इसके लिए शुभेंदु अधिकारी का बुलावा जरूरी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved