
डेस्क: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की बिग बजट फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ ने ऑस्कर अवॉर्ड की रेस में एंट्री मार ली है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ के मेकर्स ने फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स कंसीडरेशन (सेलेक्शन कमेटी के पास विचार के लिए) के लिए भेज दिया है. भारत की ओर से 99वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में आधिकारिक तौर पर मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को भेजा गया है.
तमाम देशों की आधिकारिक एंट्री के अलावा भी ऑस्कर की रेस में कोई भी फिल्म जा सकती है. बशर्ते वो फिल्म एकेडमी के नियमों के मुताबिक तय मानको को पूरा करती हो. एसएस राजामौली ने भी अपनी फिल्म ‘आरआरआर’ को अलग से ही ऑस्कर की दौड़ में भेजा था. फिल्म के गाने ‘नाटू नाटू’ ने 95वें ऑस्कर अवॉर्ड (2023) में ‘बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग’ कैटेगरी में अवॉर्ड अपने नाम कर इतिहास रच दिया था. इसी तरह ‘रामायण‘ भी ऑस्कर की राह पर निकली है.
कोई भी इंडिपेंडेंट फीचर फिल्म ऑस्कर के लिए पात्र हो सकती है, बशर्ते वो एकेडमी की ओर से निर्धारित थिएट्रिकल रिलीज की शर्तों को पूरा करे. इसके तहत फिल्म को अमेरिका के किसी मान्यता प्राप्त महानगरीय क्षेत्र में लगातार कम से कम सात दिनों तक सिनेमाघरों में प्रदर्शित होना जरूरी है. इस दौरान हर दिन निर्धारित संख्या में शो भी होने चाहिए. इन मान्यता प्राप्त क्षेत्रों में लॉस एंजेलिस काउंटी, न्यूयॉर्क सिटी, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ और अटलांटा शामिल हैं.
इस क्वालिफाइंग थिएट्रिकल रन को पूरा करने के बाद फिल्ममेकर या डिस्ट्रीब्यूटर ऑनलाइन ऑस्कर जनरल एंट्री फॉर्म जमा कर सकते हैं. इसके साथ सिनेमाघरों से जुड़े जरूरी प्रमाण-पत्र और फिल्म की क्रेडिट डिटेल्स भी जमा करनी होती हैं.
इंडिपेंडेंट फिल्म के नियम और इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के नियम अलग-अलग हैं. ऑफिशियल एंट्री में ‘एक देश. एक फिल्म’ का नियम लागू होता है. इसके लिए देश में बनाई गई सेलेक्शन कमेटी फिल्म को सेलेक्ट करती है और आधिकारिक तौर पर ऑस्कर में भेजती है. इस नियम के मुताबिक भारत से भी हर साल एक ही फिल्म आधिकारिक तौर पर भेजी जाती है. हालांकि इंडिपेंडेंट फिल्म के तौर पर कई फिल्में हर साल ऑस्कर में जाती हैं.
इसके अलावा ऐसी फिल्में, जिन्होंने कई बड़े इंटरनेशनल फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किए हों, वो भी खुद ही ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में विचार के लिए एलिजिबल हो जाती हैं. इसी रास्ते से नागालैंड की फिल्म ‘अंग’ भी ऑस्कर में पहुंची है. इस फिल्म ने टोरंटे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्लैटफॉर्म अवॉर्ड जीतकर इतिहास रचा है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved